केदारनाथ हेली टिकटों की कालाबाजारी का नया खेल आया सामने, पुलिस भी तारीका देख हैरान
उत्तराखंड में केदारनाथ हेली सेवा की एक टिकट 25 हजार रुपए में बेची जा रही है. जानिए कैसे

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 13, 2025 at 8:02 PM IST
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा में हेली टिकटों की कालाबाजारी को लेकर बड़ा खेल चल रहा है. पुलिस ने केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. भोपाल के एक यात्री ने गुप्तकाशी थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी और पुलिस को बताया था कि कैसे फर्जी आधार कार्ड के सहारे आरोपी ने उसे 50 हजार में दो टिकट दी थी.
शिकायकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उन्हें दूसरे के नाम का फर्जी आधार कार्ड दिए थे, जिनमें इनके फोटो लगे थे. टिकट दिलाते हुए उनसे 2 टिकटों के 50 हजार लेकर इन्हीं टिकटों और आधार कार्ड से यात्रा करने के लिये कहा गया, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कालाबाजारी, बेईमानी, जालसाजी सम्बन्धित तथ्यों के आधार पर बीती 18 मई को थाना गुप्तकाशी में मुकदमा दर्ज करते हुये विवेचना शुरू कर दी. विवेचना के दौरान दो आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया गया था और अन्य संदिग्धों की गहन पूछताछ एवं साक्ष्य संकलन की कार्रवाही कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये थे.
पुलिस ने जांच के बाद आकाश शर्मा पुत्र नाथीराम शर्मा निवासी गागलहेड़ी जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार किया. आरोपी ने पूछताछ में बताया गया है कि उसके द्वारा मैखण्ड, फाटा में मां सरस्वती होटल 6 माह के लिए लीज पर लिया हुआ है. उसके द्वारा होटल में आने वाले यात्रियों को हेलीकॉप्टर टिकट भी उपलब्ध कराने का झांसा दिलाया जाता था और फिर कस्टमर होटल में लाये जाते हैं. इसके बाद मनमाफिक पैसा देने वाले यात्रियों को टिकट दिये जाते हैं.
इसके अतिरिक्त आरोपी ने यह भी बताया है कि स्थानीय स्तर यानि फाटा में अन्य होटल संचालकों द्वारा भी हेलीकाप्टर टिकट कराये जाते हैं और यात्रियों को ओवर रेटिंग कर कालाबाजारी में बेचे जाते हैं. पुलिस के स्तर से इन सबकी कुंडली खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि आगामी दिवसों में हेलीकॉप्टर टिकटों की कालाबाजारी व ओवर रेटिंग में शामिल फाटा क्षेत्रान्तर्गत के अन्य व्यक्तियों को भी पुलिस के स्तर गिरफ्तार किया जायेगा.
पढ़ें---

