ETV Bharat / state

बिहार में आरजेडी नेता आला राय की जमीनी विवाद में हुई थी हत्या, यूपी से हत्थे चढ़ा मुख्य साजिशकर्ता

आरजेडी नेता आला राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

rjd leader ala rai murder case
आरजेडी नेता आला राय हत्याकांड में चार आरोपी गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : October 9, 2025 at 7:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना में आरजेडी नेता राजकुमार उर्फ आला राय हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और तीन मैगजीन बरामद किए गए हैं. पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि हत्या के पीछे पुराना जमीन विवाद और आपसी रंजिश प्रमुख कारण रहा है. पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की है.

बनारस से मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार: एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान और स्केच फोटो के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बनारस से इस हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त तारकेश्वर नाथ सिंह को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि तारकेश्वर की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साले रवि कुमार को भी गिरफ्तार किया है. साथ ही, दो पेशेवर शूटर आकाश कुमार और अनिकेत कुमार को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.

आला राय की जमीनी विवाद में हुई थी हत्या (ETV Bharat)

हथियार समेत मोबाइल बरामद: गिरफ्तार शूटरों की निशानदेही पर पुलिस ने रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन मकान से जमीन के अंदर छिपाए गए दो देसी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और तीन मैगजीन बरामद किए हैं. इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी तकनीकी जांच जारी है.

सुपारी देकर कराई गई थी हत्या: पूछताछ में सामने आया कि मृतक आरजेडी नेता आला राय और आरोपी तारकेश्वर सिंह के बीच चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के मुन्नाचक स्थित एक कट्ठा जमीन को लेकर पिछले चार वर्षों से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते तारकेश्वर सिंह ने आला राय की हत्या की साजिश रची और पेशेवर शूटरों को एक लाख की सुपारी दी.

क्या था मामला?: 10 सितंबर 2025 की रात आरजेडी नेता आला राय की उनके घर के पास ही अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. अपराधियों ने उन्हें छह गोलियां मारी थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. आला राय पंचायतीराज प्रकोष्ठ के राजद के वैशाली जिलाध्यक्ष थे. वहीं, इस बार भी वो विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़ने की तैयारी में थे. अपराधियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल लिया है.

rjd leader ala rai murder case
दो देसी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस बरामद (ETV Bharat)

''टीम ने लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड का सफल उद्भेदन किया है. अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. जो भी व्यक्ति इस अपराध में शामिल है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार छापेमारी कर रही है. केस को अदालत में तेजी से आगे बढ़ाएंगे, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके और मृतक नेता को न्याय मिले''. -कार्तिकेय, पटना एसएसपी

ये भी पढ़ें-