नक्सलियों के नाम पर मांगी थी तीन करोड़ की रंगदारी, मुंशी ने ही दी थी टिप!
रांची में पुलिस ने नक्सलियों के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो अपराधी को गिरफ्तार किया है.

Published : June 6, 2025 at 7:48 PM IST
रांचीः जिला के नामकुम थाना क्षेत्र में पुल निर्माण में लगी एक कंपनी से तीन करोड़ की लेवी की डिमांड करने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है.
तीन करोड़ की लेवी की डिमांड
रांची के नामकुम इलाके में भाकपा माओवादी के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो पूर्व नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि 22 मई को पुल निर्माण में लगी कंपनी के द्वारा यह बताया गया कि नामकुम के गरुडपीढ़ी स्थित पुल निर्माण स्थल पर भाकपा माओवादी के नाम पर लेवी की डिमांड की गई साथ ही साथ मौके पर नक्सल पर्चा भी छोड़ा गया है.
इसके अलावा कुछ बाइक सवार भी साइट पर पहुंचे थे और पार्टी का पर्चा मुंशी को देते हुए काम बंद करने की धमकी दी. इस दौरान यह भी धमकी दी गई की अगर लेवी की रकम नही दी गई तो फौजी कार्रवाई की जाएगी. धमकी देने के बाद भी अपराधियों के द्वारा अलग-अलग मोबाइल नंबर से ठेकेदार को लेवी देने को धमकी दी गई और नहीं देने पर अंजाम भुगतने का तैयार रहने को कहा गया था.
जिसके आधार पर नामकुम थाना कांड सं0-166/25 दिनांक-22/05/2025 धारा-308(3)/308(4) बीएनएस एवं 17 सीएलएक्ट दर्ज किया गया था. इसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
मुंशी ने ही दी थी टिप
डीआईजी सह एसएसपी रांची ने बताया कि जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनका पूर्व में नक्सली संगठन से संबंध रह चुका है. इस कांड में ठेकेदार का मुंशी भी अपराधियों के साथ मिला हुआ था. डीआईजी सह एसएसपी ने बताया कि थाना में मामला दर्ज होने के बाद अनुसंधान के क्रम मे वादी सह ठेकेदार एवं मुंशी को धमकी देने में प्रयोग किए गया मोबाइल को शिवा पाहन के घर से जब्त किया गया. जो पूर्व में भी उग्रवादी घटना के केस में जेल जा चुका है.
इसके साथ ही तकीनीकी शाखा रांची के सहयोग से इस कांड में शामिल सुखलाल मुंडा और सुखराम भेंगराज को गिरफ्तार किया गया है. इन लोगों के पास से कांड में प्रयोग मोटरसाइकिल एवं मोबाइल को विधिवत बरामद किया गया. दोनों अपराधियों ने अपने-अपने स्वीकारोक्ति ब्यान मे कांड की संलिप्ताता को स्वीकार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया है कि इस कांड में कुल सात लोग शामिल थे. जिनमें से कुछ अपराधकर्मी का पूर्व में भी 17 सीएलए का अपराधिक इतिहास रहा है, साथ ही इन लोगों के द्वारा खूंटी जिला के अड़की थाना अन्तर्गत बेडाहातु मे बन रहे पुल के ठेकेदार तथा मुंशी को भी लेवी को लेकर पर्चा एवं धमकी दी गई है. इस संबंध में अड़की थाना कांड सं0-37/25 दर्ज किया गया है.
इसे भी पढ़ें- पलामू पुलिस ने 5 अपराधियों को किया गिरफ्तार, रंगदारी वसूलने के लिए बनाया था गिरोह
इसे भी पढे़ं- 4 लाख रुपये लेवी के लिए माओवादियों ने मशीन और गाड़ियों में लगाई थी आग, चार नक्सल समर्थक गिरफ्तार
इसे भी पढे़ं- नक्सलियों ने लेवी के लिए की थी मुंशी की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

