इंटरव्यू के बहाने होटल में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, आरोपी के यहां स्टाफ थी पीडिता
पटना के होटल में इंटरव्यू के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म हुआ है. पुलिस ने शिकायत मिलते ही तुरंत छापेमारी की और पीड़िता को भर्ती कराया-

Published : July 26, 2025 at 11:40 PM IST
पटना : बिहार की राजधानी पटना में एक होटल के अंदर नाबालिग से दुष्कर्म की घटना सामने आई है. मामला बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित होटल विहान का है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है. इस मामले में आरोपी वीरेंद्र चौधरी (30 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता को गंभीर हालत में पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (PMCH) में भर्ती कराया गया है.
इंटरव्यू के बहाने होटल ले जाकर किया दुष्कर्म : पीड़िता पिछले एक महीने से आरोपी वीरेंद्र चौधरी के यहां टेली कॉलर की नौकरी कर रही थी. परिजनों के अनुसार आरोपी ने बेहतर नौकरी का झांसा दिया और शुक्रवार को होटल ले गया. वहां इंटरव्यू का बहाना बनाकर आरोपी ने नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया. इस दौरान लड़की को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव भी हुआ. आरोपी ने उसे दवा देकर घर भेज दिया.

घर पहुंची तो हालत हुई बेहद खराब : शाम लगभग छह बजे जब पीड़िता घर लौटी तो उसकी हालत बिगड़ी हुई थी. वह सीधे अपने कमरे में जाकर सो गई. रात में जब बड़ी बहन खाना देने के लिए उसे उठाया तो देखा कि बिस्तर खून से सना हुआ था. पूछने पर पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी. उसने बताया कि वीरेंद्र ने इंटरव्यू के बहाने बुलाकर होटल में दुष्कर्म किया.
बहन ने दर्ज कराई शिकायत : बड़ी बहन उसे लेकर बुद्धा कॉलोनी थाना पहुंची, जहां पुलिस ने तत्काल उसे PMCH में भर्ती कराया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने वीरेंद्र चौधरी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपी मधुबनी का निवासी है और पटना में किराए पर रहता है. वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं.

छिपने की कोशिश में था आरोपी : लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद के अनुसार घटना के बाद आरोपी पटना के बाईपास इलाके में छिप गया था. पुलिस ने तेज छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पता चला कि वह हाउसकीपिंग से जुड़ा आउटसोर्सिंग का कार्य करता है.
"हमें सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की पूरी जांच जारी है. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा."- कृष्ण मुरारी प्रसाद, डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर)
पीड़िता की हालत गंभीर : PMCH के डॉक्टरों ने बताया कि ''पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में गंभीर आंतरिक चोटें हैं और उसे तुरंत चार टांके लगाए गए. अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है.''
होटल प्रबंधन की सफाई : होटल प्रबंधन ने बताया कि आरोपी और पीड़िता ने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा लिया था और चार घंटे बाद होटल छोड़ दिया था. हालांकि पुलिस इस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है. होटल रजिस्टर, आईडी प्रूफ और सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है.
ये भी पढ़ें-

