राहुल गांधी के मंच से पीएम मोदी के लिए अपशब्द, बीजेपी ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई FIR
दरभंगा में वोट अधिकार यात्रा के दौरान पीएम मोदी पर कथित अपशब्दों को लेकर बीजेपी ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई. पढ़ें खबर

Published : August 28, 2025 at 5:49 PM IST
पटना: बिहार में चल रही इंडिया गठबंधन की वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अपशब्द कहे जाने को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है. पटना के गांधी मैदान थाना में राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है.
राहुल गांधी पर केस दर्ज: दरअसल राहुल गांधी के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का बार-बार प्रयोग किया गया. इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है और आज पटना स्थित कोतवाली थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करवाई है.
बीजेपी नेता पहुंचे कोतवाली थाना: बीजेपी की ओर से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल थाने पहुंचा, जिसमें पार्टी प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल और मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार शामिल थे.फिलहाल, कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत को स्वीकार कर लिया है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
'गाली दिलवा रहे हैं राहुल गांधी': बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी मंच से प्रधानमंत्री के खिलाफ लोगों को गाली दिलवा रहे हैं, जो न केवल असंवैधानिक है, बल्कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ भी है.

"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं. चाहे वह सड़क, बिजली, शिक्षा या हर घर नल योजना हो. राहुल गांधी अपने समर्थकों से या अपने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिलवा रहे हैं तो यह ठीक नहीं है निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गाली देने वाले लोगों को सजा होनी चाहिए."- प्रेम रंजन, पटेल, बीजेपी प्रवक्ता

पुलिस करे कार्रवाई: बीजेपी प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि प्राथमिकी में दर्ज शिकायत के अनुसार, दरभंगा में यात्रा के दौरान कुछ लोगों ने सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया. बीजेपी ने पुलिस से मांग की है कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए.
"हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुले मंच से जिन लोगों ने गाली देने का काम किया है निश्चित तौर पर पुलिस उसे पर कार्रवाई करेगी. पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई करें. जो प्रधानमंत्री लगातार बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं उनको लेकर इस तरह का गाली शब्द का प्रयोग सार्वजनिक मंच से राहुल गांधी करवा रहे हैं." - दानिश इकबाल, बीजेपी मीडिया प्रभारी
PM MODI के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल : बिहार के दरभंगा में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया है. बता दें कि इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मंच पर मौजूद नहीं थे.
वीडियो वायरल, आयोजनकर्ता ने दी सफाई: घटना दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के बिठौली चौक पर हुई थी. वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा विवाद हो गया था. विवाद बढ़ा तो आयोजनकर्ता ने सफाई दी. वहीं, कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद ने भी पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि अगर मंच से ऐसी बातें कही गई हैं तो वह इसकी कड़ी निंदा करते हैं. हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें
- 'बेईमानों की सरकार को उखाड़ फेंकना है, सीएम नीतीश की उम्र हो गई', तेजस्वी का बड़ा हमला
- बिहार में 'जननायक' बताने की सियासत, राहुल और तेजस्वी पर बोली जेडीयू- 'कर्पूरी जी से तुलना न्यायसंगत नहीं'
- 'मैं गारंटी से कह रहा हूं..' राहुल गांधी ने BJP पर लोकसभा चुनाव 2024 में 'वोट चोरी' का आरोप लगाया
- 'बिहार में INDIA गठबंधन की जीत निश्चित', बोले स्टालिन- 'शपथ ग्रहण समारोह में मैं फिर आऊंगा'

