लातेहार आगजनी घटना का आईजी और डीआईजी ने लिया जायजा, नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान जारी
लातेहार में आगजनी घटना के बाद पलामू जोनल के आईजी और डीआईजी ने घटनास्थल का जायजा लिया है. नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए.

Published : May 4, 2025 at 8:50 PM IST
पलामू: लातेहार के चंदवा नक्सल घटनास्थल का पलामू के जोनल आईजी सुनील भास्कर और डीआईजी वाईएस रमेश ने रविवार को जायजा लिया. रविवार को लातेहार के चंदवा के तोरीसोत के इलाके में नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने सीएमपीडीआई के साइट पर हमला किया था. इस हमले में आठ गाड़ी और दो मशीनों को आग के हवाले कर दिया गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू के जोनल आईजी सुनील भास्कर और डीआईजी वाईएस रमेश घटनास्थल पर पहुंचे. आईजी और डीआईजी घटना स्थल पर काफी देर तक रुके रहे. इस दौरान उन्होंने लातेहार जिले के पुलिस अधिकारियों को कई बिंदुओं पर दिशा निर्देश दिए. घटना के बाद लातेहार चतरा और रांची के सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया गया है. इस सर्च अभियान में सीआरपीएफ की टीम भी शामिल है. नक्सलियों ने जिस इलाके में हमले को अंजाम दिया है, वहां कोयला का सर्वे का काम चल रहा है.
पलामू के जोनल आईजी सुनील भास्कर ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान शुरू किया गया है. इस दौरान जोनल आईजी ने सभी इलाकों में निर्माण कार्य की सूचना उपलब्ध करवाने को कहा गया है. निर्माण स्थल पर सुरक्षा के साथ-साथ इलाके में सर्च अभियान भी चलाने को कहा गया है. डीआईजी वाईएस रमेश ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को इलाके में कई बिंदुओं पर निर्देश दिए गए हैं और नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है.
बता दें की लातेहार जिले में पिछले चार दिनों में दो आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया है. इससे पहले बुधवार रात को भी एक सड़क कंस्ट्रक्शन साइट पर धावा बोला था और गाड़ियों में आग लगा दी थी. इसके साथ ही कंस्ट्रक्शन साइट पर मौजूद मुंशी का भी गोली मार कर हत्या कर दिया था.

