ETV Bharat / state

बिहार में भयंकर बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी, 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी

बिहार में आंधी, बारिश और ठनका को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी. लोगों को सतर्क रहने की सलाह, जानें कब से गर्मी बढ़ेगी.

BIHAR WEATHER
बिहार का मौसम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 3, 2025 at 7:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. राजधानी पटना समेत प्रदेश के 25 जिलों में शनिवार को आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर ठनका गिरने की आशंका जताई गई है. साथ ही उत्तर बिहार के 19 जिलों में रविवार को ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं के साथ ठनका गिरने की चेतावनी जारी की गई है.

किन जिलों में येलो अलर्ट जारी: आज शनिवार को तेज आंधी, तूफान, बारिश और ठनका गिरने को लेकर कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा और खगड़िया शामिल हैं.

वायुगति रहेगी 30 से 40 किमी प्रति घंटा: बता दें कि इन जिलों में बादल गरजने, बिजली चमकने के साथ तेज बारिश की संभावना है. साथ ही यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी. मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक कई इलाकों में ठनका गिरने की स्थिति भी बन सकती है.

शुष्क रहेगा उत्तर बिहार के इन जिलों का मौसम: मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मुजफ्फरपुर से पूर्णिया तक के 13 जिलों में शनिवार को मौसम शुष्क बना रहेगा. इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना नहीं है. यहां दिन भर तेज धूप रहेगी और जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा.

रविवार को उत्तर बिहार में ऑरेंज अलर्ट: वहीं रविवार को मौसम और अधिक उग्र रूप ले सकता है. पश्चिम चंपारण सहित उत्तर बिहार के सभी 19 जिलों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ठनका गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

तेज हवा और गरज-चमक का कहर: रविवार को खराब मौसम के दौरान हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. साथ ही बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात का खतरा भी रहेगा, जिसकी वजह से लोगों को खुले स्थानों में न जाने की चेतावनी दी गई है.

शुक्रवार को उमस ने किया परेशान: शुक्रवार को राज्य भर में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया. राजधानी पटना सहित कई जिलों में सुबह से ही आसमान साफ था और सूरज की किरणें त्वचा जलाने वाली थी. इस दौरान गर्मी और पूर्वा हवा का असर महसूस किया गया.

7 मई से बढ़ेगी गर्मी: मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए चेतावनी दी है. कहा जा रहा है कि 7 मई से तापमान में इजाफा होगा और गर्मी का असर बढ़ेगा. लोगों को सलाह दी गई है कि वे इस दौरान मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखें और आवश्यक एहतियात बरतें.

पढ़ें-बिहार के 25 जिलों में झमाझम बरसात, पटना में ओले गिरे, इन जिलों के लिए आंधी-बारिश का ऑरेज अलर्ट