ETV Bharat / state

मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में नामांकन का फिर आया मौका, पांच जून तक जमा कर सकते हैं फॉर्म!

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में नामांकन का एक मौका फिर से मिल रहा है.

Opportunity to get admission in CM School of Excellence in Giridih
परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मान (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 30, 2025 at 5:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गिरिडीहः सीबीएसई बोर्ड एवं 12वीं की परीक्षा में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन किया. ऐसे में इस स्कूल के प्रति विद्यार्थियों के साथ साथ अभिभावकों की भी रूचि बढ़ गई है.

इस बीच शैक्षणिक सत्र 2025-26 के कक्षा 11वीं में नामांकन को लेकर नया अपडेट आ गया है. अब जो बच्चे ऐसे स्कूल में नामांकन नहीं ले सके हैं उनके लिए नया मौका आया है. अब मेधा सूची के बाहर के बच्चे भी इस स्कूल में नामांकन ले सकेंगे. इसकी जानकारी सर जेसी बोस बालिका उच्च विद्यालय (मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय) के प्रिंसिपल मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने दी है.

प्रिंसिपल मुन्ना ने बताया है कि राज्य परियोजना निदेशक झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में 11वीं में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था. परीक्षा के बाद मेधा सूची के आधार पर नामांकन लिया गया. इसके बावजूद विभिन्न संकायों में कुछ सीट रिक्त रह गई है.

ऐसे में झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक ने नया आदेश जारी किया है. इसके तहत वैसे विद्यार्थी जो किसी कारण नामांकन जांच परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे और वह अपना नामांकन कराना चाहते हैं तो वे नामांकन का फॉर्म भर सकते हैं.

क्या है नियम

प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि जिनके बोर्ड का प्राप्तांक 75 प्रतिशत से अधिक है वे साइंस में सीधे नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं. जबकि कॉमर्स के लिए 65 प्रतिशत से अधिक अंकों की अनिवार्यता होगी. वहीं आर्ट्स पढ़ने वाले विद्यार्थी 50 प्रतिशत से अधिक अंक के साथ 5 जून तक विद्यालय में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं.

7 जून को ऐसे विद्यार्थियों की चयनित सूची प्रकाशित की जाएगी और तब उनका नामांकन लिया जाएगा. बताया कि ग्रीष्म अवकाश में भी नामांकन कोषांग विद्यालय अवधि में सुबह 7 बजे से अपराह्न 12 बजे तक प्रतिदिन संचालित हो रहा है.

बच्चों को मिला सम्मान

बता दें कि सीबीएसई बोर्ड में पहली झारखंड के सरकारी विद्यालय के बच्चों ने परीक्षा दिया था. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के बच्चों ने इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन भी किया था. ऐसे बच्चों को पिछले दिनों जिलाधिकारी रामनिवास यादव के हाथों सम्मानित किया गया था.

इसे भी पढ़ें- CBSE Board result: पहली बार में ही सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के छात्रों ने मनवाया अपना लोहा, अधिकतर बच्चों ने हासिल किया 90 फीसदी से ज्यादा अंक

इसे भी पढ़ें- 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में हजारीबाग की डॉली बनीं टॉपर, 93.8% अंक लाकर रचा इतिहास

इसे भी पढे़ं- सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में नामांकन की प्रक्रिया शुरू, 10 फरवरी तक जमा कर सकेंगे आवेदन