ETV Bharat / state

आज से बदला समय: जानिए अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों का नया टाइम टेबल...

प्रदेश में बुधवार से शिक्षा एवं स्वास्थ्य समेत कई विभागों में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे.

स्वास्थ्य समेत कई विभागों में बड़े बदलाव
स्वास्थ्य समेत कई विभागों में बदला टाइम टेबल (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : October 1, 2025 at 9:51 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान में 1 अक्टूबर से आमजन से जुड़े कई विभागों की समय-सारणी में बदलाव किया गया है. स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला बाल विकास विभाग ने अपनी-अपनी अधिसूचनाएं जारी की. इसका सीधा असर मरीज, स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों पर पड़ेगा. इन आदेशों के बाद 1 अक्टूबर से प्रदेशभर में अस्पतालों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय बदल गया. स्वास्थ्य सेवाएं लेने वाले मरीजों को अधिक समय मिलेगा. स्कूली बच्चों को शीतकालीन समय के अनुसार पढ़ाई करनी होगी. आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों का संचालन भी निर्धारित समय पर होगा.

ओपीडी समय बदला: चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों की आउटडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (OPD) के समय में बदलाव किया है. मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वाकाराम चौधरी ने बताया कि अब सभी जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सैटेलाइट अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और उप स्वास्थ्य केंद्र (SHC) में ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा. यह बदलाव मरीजों को डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए अधिक समय देगा. लंबी लाइनों में लगने से बचाएगा. राजपत्रित अवकाश के दिनों में ओपीडी समय सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रहेगी. विभाग ने सभी अधिकारियों को आदेश दिए कि नई समय-सारणी की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करें और आमजन को इस बारे में जागरूक करें.

पढ़ें: राजस्थान में नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू करने की तैयारी, शिक्षकों ने कही ये बड़ी बात

स्कूलों में शीतकालीन समय लागू: शिविरा पंचांग के अनुसार 1 अक्टूबर से शीतकालीन समय लागू किया गया. शिक्षा विभाग के आदेशों के अनुसार अब एकल पारी स्कूल सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खुलेंगे. बदलाव इस बार तीन साल बाद तय तारीख पर किया गया है. पिछले तीन सालों से बढ़ती गर्मी के कारण शिक्षा विभाग इस समय परिवर्तन को 15 अक्टूबर से लागू कर रहा था, लेकिन इस बार विभाग ने शिविरा पंचांग के अनुसार ही बदलाव करने का निर्णय लिया. ग्रीष्मकालीन अवधि (1 अप्रैल से 30 सितंबर) में एकल पारी स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 1 बजे तक और दोहरी पारी वाले स्कूल सुबह 7 से 12:30 और दोपहर 12:30 से शाम 6 बजे तक चलते हैं. शीतकालीन अवधि (1 अक्टूबर से 31 मार्च) में एकल पारी स्कूल सुबह 10 से शाम 4 बजे तक और दोहरी पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 और 12:30 से शाम 5:30 बजे तक चलेंगे.

शिक्षक संगठनों की मांग: हालांकि, शिक्षक संघों ने मांग की थी कि दीपावली अवकाश 13 अक्टूबर से शुरू होंगे और 12 अक्टूबर रविवार है, इसलिए 11 अक्टूबर तक पुराना समय (7:30 से 1 बजे तक) जारी रखा जाए, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके. राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) का कहना है कि 1 अक्टूबर से शिविरा कैलेंडर के अनुसार विद्यालय समय में परिवर्तन होगा, लेकिन गर्मी अभी कम नहीं हुई है. ऐसे में 12 अक्टूबर तक समय परिवर्तित करना उचित नहीं होगा. 1 अक्टूबर से यदि विद्यालय समय 10:00 से 4:00 बजे तक किया जाता है तो कई तरह परिस्थितियों के कारण शिक्षकों और विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.

आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन समय: उधर, महिला एवं बाल विकास विभाग ने अधिसूचना जारी की. इसके अनुसार अब 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे.