ETV Bharat / state

सांप को 1 साल के बच्चे ने दांत से काटा, कैसे हो गई कोबरा की मौत?

बिहार में जहरीले सांप को एक वर्ष के बच्चे ने दांत से काटा, सांप की मौत. क्या ऐसा हो सकता है, जानिए

CHILD BITES COBRA IN BIHAR
डिजाइन फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 28, 2025 at 6:22 PM IST

10 Min Read
Choose ETV Bharat

बेतिया: बिहार के बेतिया जिले में एक अजीबो-गरीब घटना देखने को मिली है. परिजनों के मुताबिक, यहां एक साल के बच्चे ने सांप को दांत से काट लिया, जिसके बाद सांप की मौत हो गई. बच्चे के घरवालों ने दावा किया कि यह कोबरा सांप था. घटना के बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिलहाल वो स्वस्थ है.

25 जुलाई 2025, बिहार के बेतिया जिले के मझौलिया प्रखंड का मोहझी बनकटवा गांव. गुरुवार को यानी पांच दिन पहले गांव के सुनील शाह का एक वर्षीय मासूम गोविंदा कुमार अपने आंगन में खेल रहा था. बच्चे की मां पास में ही खाना बनाने के लिए लकड़ी इकट्ठा कर रही थी. यहां लकड़ियों के बीच एक जहरीला सांप छिपकर बैठा था.

बच्चे के काटने पर कोबरा की मौत हो सकती है? (ETV Bharat)

बच्चे की दादी मातेश्वरी देवी बताती है कि, मेरी बहू खाना बनाने के लिए लकड़ी उठा रही थी. तभी लकड़ी के बीच से सांप निकल आया. मेरा गोविंदा खेल रहा था. उसने पहले सांप को लकड़ी से मारा, फिर सांप को पकड़ा और दांत से काट लिया. सांप के दो टुकड़े हो गए. वो गेहुअन सांप (कोबरा) था.

''सांप की मौत के बाद गोविंदा बेहोश हो गया. इतने में बहू की नजर बेटे पर पड़ी, उसके मुंह से चीख निकल गई. चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग जमा हो गए. बच्चा को लेकर पीएचसी पहुंचे. वहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. बाद में डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (जीएमसीएच) रेफर कर दिया. दो दिन बाद गोविंदा को डिस्चार्ज कर दिया गया, अब वो ठीक है.'' - मातेश्वरी देवी, बच्चे की दादी

सांप को एक साल के बच्चे ने दांत से काटा : आज बच्चा स्वस्थ है. अपने घर के आंगन में गोविंदा खेल रहा है. पांस में मिट्टी के चूल्हे पर मां खाना बना रही है. दूसरी तरफ एक वर्षीय मासूम को देखने दूर-दूर से लोग आ रहे हैं और पूछ रहे हैं कि यह बच्चा है या भगवान कृष्ण?

खतरनाक कोबरा सांप की मौत.. कैसे हुई? : दरअसल, यह घटना सामान्य नहीं है, अक्सर सांप के काटने से इंसान की मौत की खबर देखने और सुनने को मिलती है, लेकिन यहां तो बच्चे ने सांप को काटा और उसकी मौत हो गई, वो भी खतरनाक कोबरा सांप था. आखिर यह सब कैसे हुआ? आइये उस डॉक्टर से जानते हैं, जिन्होंने बच्चे का इलाज किया.

बच्चे का इलाज करने वाले डॉक्टर क्या बोले? : बेतिया जीएमसीएच के चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार ने बताया की बच्चे ने सांप को दोनों हाथ से बीच में पकड़ लिया था. उस वक्त बच्चे ने जब सांप को काटा होगा तो उसके दोनों होंठ फूल गए थे. लेकिन उसके शरीर में जहर नहीं गया था. बच्चा घायल हो गया था.

''सांप के काटने से पहले बच्चे ने ही उस सांप को काट लिया था. अगर बच्चे को सांप ने काटा होता तो शायद बच्चा नहीं बचता. क्योंकि कोबरा बहुत ही विषैला सांप है. परिजन जब बच्चे को लेकर जीएमसीएच पहुंचे तो यहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज किया गया. बच्चा स्वस्थ होकर अपने घर चला गया.'' - डॉ. सौरभ कुमार, बेतिया जीएमसीएच

सांप की मौत कैसे.. क्या है वजह? : अब सवाल यह उठता है कि जब सांप के काटने से उसका जहर इंसान के शरीर में फैलता है और लोगों की मौत हो जाती है. तो यहां उल्टा कैसे हुआ कि बच्चे ने सांप को काटा, ऐसे में सांप का जहर बच्चे के मुंह में क्यों नहीं गया?

क्या बोले शिशु रोग विशेषज्ञ? : शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि सांप का जो जहर होता है वह सांप के साईंलेबरी ग्लैंड (गार्डन के पास) में होता है. सांप अगर किसी को काटता है तो साईंलेबरी ग्लैंड के द्वारा सांप का जहर उसके दांत तक पहुंचता है. जिस कारण सांप का जहर उसके खून में चला जाता है. जिसके कारण उसकी मौत हो जाती है.

डॉक्टर ने बताया, सांप की मौत कैसे हुई? : उन्होंने बताया कि इस हालत में बच्चे को सांप ने नहीं काटा है, बल्कि बच्चे ने ही सांप को काटा है. बच्चे ने सांप के पीछे वाले हिस्से को अपने दांत से काटा है. जहां पर जहर नहीं होता है. सांप का स्पिंडल पार्ट (रीड की हड्डी) जो होता है वह डैमेज हो गया होगा. जिस कारण सांप का मूवमेंट बंद हो गया होगा और सांप की मौत हो गई.

बच्चे के अंदर जहर नहीं गया, आखिर कैसे? : डॉक्टर संजय कुमार ने बताया कि सांप अगर एक बार किसी को काटता है तो 5 एमएल जहर निकलता है. बच्चे या किसी को मारने के लिए कम से कम 10 एमएल जहर चाहिए. इसलिए सांप किसी को काटता है तो दो बार से तीन बार काटता है, तब जाकर उसकी मौत होती है. उन्होंने कहा कि बच्चे को सांप ने काटा ही नहीं तो बच्चे के अंदर जहर जा ही नहीं सकता है.

''बच्चे के होंठ पर सूजन हुआ था, वजह बच्चे ने सांप को काटा था. हालांकि बच्चे को थोड़ा सा इंफेक्शन हुआ था. जिस कारण से उसका होंठ सूज गया था.'' - डॉ. संजय कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ, बेतिया

वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया के विशेषज्ञ सुनील कुमार ने बताया कि अगर सांप के किसी भी पार्ट में अंदरुनी जख्म हो जाएगा तो सांप एक हफ्ते के अंदर मर जाएगा. अगर सांप के स्पिंडल पार्ट (रीड की हड्डी) के पास किसी ने काट लिया तो सांप का मरना तय है. क्योंकि सांप का मूवमेंट बंद हो जाता है.

बारिश के मौसम में स्नैक बाइट अधिक क्यों? : बारिश का मौसम सांपों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होता है. साथ ही बारिश के मौसम में उनके बिल में पानी भर जाता है. वे अपने बिल से बाहर आने के लिए मजबूर हो जाते है और इंसानों के संपर्क में आ जाते हैं, इस कारण बारिश के मौसम में स्नेक बाइट के मामले में बढ़ोतरी देखी जाती हैं. बता दें कि बारिश का मौसम सांपों के लिए प्रजनन का समय भी होता है.

क्या कहते हैं WHO के आंकड़ें? : विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों पर नजर डालें तो, विश्वभर में हर साल सांप के काटने से एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो जाती है. जबकि भारत में हर साल 40 लाख के करीब लोग सांप के के काटने का शिकार होते है. इनमें से 50 हजार से 60 हजार लोगों की मौत हो जाती है. ग्रामीण इलाकों में स्नेक बाइट की समस्या ज्यादा गंभीर है.

बिहार राज्य के एचएमआईएस- हेल्थ मैनेजमेंट इनफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) रिपोर्ट की माने तो, प्रदेश में अप्रैल 2023 से मार्च 2024 तक सांप के काटने से 934 लोगों की मौत हुई. लेकिन कई मामले अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते है.

ONE YEAR CHILD BITES COBRA
बिहार में सांप से कितनी मौतें (ETV Bharat)

2030 तक मौतों को आधा करने का लक्ष्य : केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सांप काटने के ज्यादातर मामले अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते हैं, ऐसे में इसकी रिपोर्टिंग कम होती है. ऐसे में केन्द्र सरकार ने इसे नेग्लेक्टेड ट्रापिकल डिजीज की श्रेणी में शामिल किया है. साथ ही साल 2023 तक स्नेक बाइट से मौतों की संख्या को आधा करने का लक्ष्य रखा है.

ONE YEAR CHILD BITES COBRA
भारत में कितने तरह के सांप पाए जाते है. (ETV Bharat)

बारिश में स्नेक बाइट से कैसे बचें : एक्सपर्ट की माने तो बारिश के दिनों में घर के आसपास कचरा नहीं जमा होने दें. आंगन में झाड़ी नहीं पनपने दें. घर के आसपास की दरारें बंद कर दें. खिड़कियों और दरवाजों को बंद रखें.

सांप ने काटा.. कैसे पहचानें? : एक्सपर्ट ने बताया कि अगर आपका स्किन काला पड़ जाय, खून बह रहा हो. काटने वाली जगह पर सूजन या जलन हो रहा हो. जहां पर सांप ने काटा होगा शरीर के उस हिस्से में झनझनाहट या अकड़न होगा. सांस लेने में दिक्कत होगी. बेहोशी जैसा महसूस होगा और ब्लड प्रेशर लो हो जाएगा.

सांप काटने पर.. क्या करें? : एक्सपर्ट सुनील कुमार ने बताया कि अगर सांप काट लें तो सबसे पहले मरीज को जमीन पर लिटा दें और सांप काटने वाली जगह को साबुन-पानी से साफ कर लें. इसके बार मरीज को तुरंत अस्पताल ले जाएं और डॉक्टर से दिखाएं.

सांप काटने पर क्या न करें : एक्सपर्ट की माने तो सांप ने जिस जगह काटा हो, वहां पर रस्सी से नहीं बांधे. गर्म पानी या बर्फ से उस जगह को न रगड़े. चीरा न लगाएं, क्योंकि ज्यादा खून बहने पर मरीज का बचना मुश्किल हो जाएगा. तंत्र-मंत्र के झांसे में न आए.

VTR में दुनिया के सबसे खतरनाक सांप: आपकों बता दें कि बिहार के वीटीआर यानी वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में दुनिया के सबसे खतरनाक सांप पाए जाते हैं, जिसमें किंग कोबरा, स्पेक्टिकल कोबरा, जिसे गेहुंअन भी कहा जाता है. रसेल वाईपर, करैत और बैंबू पिट वाईपर शामिल है, जिसके डंसने से अगर समय पर इलाज न मिले तो मौत हो सकती है.

ONE YEAR CHILD BITES COBRA
सांप को बच्चे ने काटा (ETV Bharat)

नोट : सांप काटे तो नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें.

किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र पर संपर्क करें.

हेल्पलाइन नंबर-0612-2294204/205, 1070

ये भी पढ़ें : सावधान! बाढ़ के कारण सर्पदंश की घटनाओं में 50% की बढ़ोतरी

ये भी पढ़ें : सांपों से प्रेम की 'अमरनाथ' कथा.. यूट्यूब से सीखकर 5000 सांपों का किया रेस्क्यू

ये भी पढ़ें : अनोखे हैं VTR के सांप, उड़ने वाले स्नेक से लेकर पाई जाती है सांपों की खास 5 प्रजातियां

ये भी पढ़ें : 'कोबरा देखा.. पकड़ा.. भून कर खा लिया', मिलिए पटना के मुरारी मोहन शर्मा से, इनके शौक भी अजीब हैं

ये भी पढ़ें : गंगा की धारा में दिखा दुनिया का सबसे जहरीला सांप, काट ले तो कुछ सेकेंड में किडनी फेल और..