ETV Bharat / state

भोपाल से चलेगी एक और वंदे भारत, भोपाल लखनऊ के बीच इस माह से शुरू होने जा रहा संचालन

अगस्त माह के पहले हफ्ते तक भोपाल को रैक मिलने के बाद लगभग 15 दिनों तक किया जाएगा ट्रेन का ट्रायल रन.

VANDE BHARAT Bhopal to lucknow
भोपाल लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 13, 2025 at 2:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लखनऊ और पाटलिपुत्र की यात्रा करने वाले पैसेंजरों को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने जा रही है. भोपाल से लखनऊ और पाटलिपुत्र के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलने का रास्ता साफ हो गया है. इस रूट के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच अलॉट हो गए हैं. ये कोच अगस्त में मिल जाएंगे. इन कोच के आने के बाद कुछ दिन ट्रायल के बाद इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू हो जाएगी.

भोपाल से लखनऊ के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए कोच का अलॉटमेंट पूरा, 15 दिन चलेगा ट्रायल

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया "प्रारंभिक रूप से भोपाल से लखनऊ के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए कोच का अलॉटमेंट कर दिया गया है. अब रेल मंत्रालय के आदेश का इंतजार हो रहा है. माना जा रहा है कि अगस्त माह के पहले हफ्ते तक भोपाल को रैक मिल जाएंगे. रैक आने के बाद करीबन 15 दिनों तक ट्रेन का ट्रायल रन किया जाएगा. इसके बाद भोपाल लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू होगा. हालांकि इसके लिए यात्रियों को सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर माह के प्रथम हफ्ते तक का इंतजार करना पड़ सकता है."

पहले सिटिंग, फिर स्लीपर की सुविधा मिलेगी

अधिकारियों के मुताबिक भोपाल-लखनऊ वंदे भारत के लिए शुरुआत में सिटिंग श्रेणी के रैक मिलेंगे. इसके बाद स्लीपर श्रेणी की वंदे भारत मिलेगी. उधर वंदे भारत को लेकर भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर तीसरी पिट लाइन का निर्माण कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है.

इसके अलावा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास आरओएच शेड भी बनाया जा रहा है, जहां पर वंदे भारत ट्रेन का मेंटेनेंस भी हो सकेगा. यह पिट लाइन तकनीकी संसाधनों से लैस है. इस पिट लाइन में जर्मन कंपनी लिंक हाफमैन बुश के टेक्निकल सपोर्ट से तैयार नए कोचों का आसानी से मेंटेनेंस किया जा सकेगा.

भोपाल से लखनऊ 7 घंटे में

भोपाल से पटना के लिए अभी आमतौर पर साप्ताहिक ट्रेन ही उपलब्ध होती है. साप्ताहित ट्रेन के अलावा यात्रियों के पास और कोई विकल्प नहीं होता. इसी तरह भोपाल से लखनऊ बीच एक ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलती है. इस भोपाल-लखनऊ-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस के अलावा कोई और ट्रेन का विकल्प न होने से इस ट्रेन में हमेशा वेटिंग की स्थिति रहती है. वंदे भारत एक्सप्रेस चलने से यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा. भोपाल से लखनऊ के बीच दूरी करीबन 590 किलोमीटर है और यह दूरी तय करने में ट्रेन से 9 से 11 घंटे का समय लगता है. वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा का समय घटकर 7 से 8 घंटे का रह जाएगा.