मोदी सरकार के 11 साल पूरे, CM रेखा गुप्ता बोलीं- कोरोना काल में केंद्र ने दिल्ली को संभाला, AAP पर भी कसा तंज
मोदी जी ने देश को नया शासकीय मूल मंत्र दिया है रिफॉर्म, परफॉर्म एवं ट्रांसफॉर्म: वीरेन्द्र सचदेवा

Published : June 10, 2025 at 3:39 PM IST
नई दिल्ली: नरेन्द्र मोदी सरकार के 11 सफल वर्ष पूरे होने पर संकल्प से सिद्धी तक कार्यक्रम के तहत मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि भारत के इतिहास में यह पहली सरकार है जिसको लेकर जन-जन का विश्वास है कि मोदी है तो मुमकिन है.
अपने सम्बोधन में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को नया शासकीय मूल मंत्र दिया है रिफॉर्म, परफॉर्म एवं ट्रांसफॉर्म, जो नये भारत को विकास के नये आयाम दे रहा है. वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि सामाजिक संवेदना एवं दृढ़संकल्प के साथ मोदी सरकार काम कर रही है.
वीरेन्द्र सचदेवा ने ये भी कहा कि अब भारत विकसित पांच अर्थव्यवस्थाओं में एक है, गरीब एवं महिलाओ के सम्मान के प्रति संवेदनशील है. चंद्रयान यात्रा, आर्थिक विकास और बिन मांगे घर देना हो या फिर मुफ्त राशन, देश का मजबूत रक्षा चक्र जिसका ताज़ा प्रमाण दुनिया ने मई 2025 में फिर देखा जब भारत ने पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा. इसके अलावा खेल एवं सांस्कृतिक विकास जो अंतराष्ट्रीय खेलों में और अयोध्या, काशी, उज्जैन में साफ दिखता है.
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मासिक मन की बात कार्यक्रम जहां शायद दुनिया का सबसे लोकप्रिय एवं लम्बा चलने वाला देश उत्थान पर जन चर्चा का कार्यक्रम बन गया है. आज के भारत में आम नागरिक स्वच्छता, विकास, विज्ञान, राष्ट्र सुरक्षा पर प्रधानमंत्री की "मन की बात" को राष्ट्र सम्मान से जोड़ कर देखता है.
मोदी सरकार ने महिलाओं को दिया 33% आरक्षण-वीरेंद्र सचदेवा
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा की जहां राष्ट्र हित में मोदी सरकार ने धारा 370 हटाने का बड़ा निर्णय लिया तो वहीं अल्पसंख्यक समाज विशेषकर उनकी महिलाओं को बेहतर जीवन देने के लिए नया वक्फ कानून एवं तीन तलाक जैसे बड़े निर्णय भी लिए. मन की बात संवाद भारत तक सीमित नहीं आज मोदी जी के नये भारत के संकल्प का डंका पूरे दुनिया में बज रहा है. G20 का भारत में होना हमारी प्रतिष्ठा बन गया. मोदी सरकार ने सी.ए.ए. लाकर पाकिस्तान जैसे इस्लामिक मुल्क में उत्पीड़न के शिकार हिन्दुओं को राहत दी तो 33% महिला आरक्षण लाकर महिलाऑ के प्रति सम्मान दर्शाया.
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि जहां 11 वर्ष में मोदी जी की सरकार ने देश को सैकड़ों विकास योजनाएं देने की सकारात्मक राजनीति की तो वहीं हाल ही में दिल्ली में चुनाव हारी अरविंद केजरीवाल सरकार ने केन्द्र की विकास योजनाओं को दिल्ली में लागू होने से रोकने की नकारात्मक राजनीति की, यह अलग बात है की केजरीवाल की सारी नकारात्मकता के बावजूद आज मोदी सरकार की बनाई सड़क परियोजनाएं हो या इलैक्ट्रिक बसें सब दिल्ली की लाइफलाइन है. कोविड काल में जब केजरीवाल ने दिल्ली को असहाय छोड़ दिया था तब मोदी सरकार ने दिल्ली को संभाला था. इसके आलावा सेंट्रल विस्टा, भारत मंडपम, यशोभूमी, वार मैमोरियल, कर्तव्यपथ, प्रधानमंत्री संग्रहालय, रैपिड रेल, टनल रोड़ और हाई वे का जाल बुन कर हम दिल्ली वालों को गौरवांवित किया है.
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है दिल्ली में हाल ही में चुनी गई भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली में शासन परिवर्तन के सफल सुशासन के 100 दिन पूरे करते हुए आयुष्मान भारत योजना को दिल्ली में तेजी से लागू कर सभी केन्द्रीय योजनाओं से लाभ का रास्ता दिल्ली वालों के लिए खोला है, जिसको विस्तार से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली वालों के समक्ष रखेंगी.
सीएम रेखा गुप्ता ने कही ये बातें
इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र की सरकार कोविड के दौरान नहीं होती तो दिल्ली की क्या हालत होती.
दिल्ली सरकार ने मात्र 97 लोगों को कोविड में हुई मौतों की राशि दी है. इसका मतलब है कि केजरीवाल सरकार ने माना कि दिल्ली में कोविड से सिर्फ 97लोगों की मौत हुई जबकि सबने देखा था कि कोरोना के समय किस तरह से शमशान घाट भरे हुए थे.
केंद्र सरकार ने दिल्ली के अस्पतालों में जितना इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम किया है उतना दिल्ली सरकार ने नहीं किया. एम्स अकेले 5 लाख ओपीडी साल भर में करता है.
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज दिल्ली सरकार के लिए केंद्र सरकार बड़ी राहत बनके काम कर रही है. सड़क परियोजना के लिए सवा लाख करोड़ की सहायता की. दिल्ली में आज जो मेट्रो दौड़ रही हैं वो भी केंद्र सरकार के कारण है. दिल्ली में केंद्र सरकार के कॉलेज और स्कूल हैं वो एक बड़ी सहायता हैं. दिल्ली में करीब 3 लाख गर्भवती महिलाओं को 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिली है. मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मुद्रा योजना से 20 हजार करोड़ के ऋण जनता को मिले. केंद्र ने दिल्ली का हाथ थामा तो उसी कारण हम स्पीड से काम कर पा रहे हैं.
दिल्ली में पानी और सीवर की नई लाइन बिछाने का का हुआ शुरू-सीएम रेखा
आज हम कह सकते हैं कि यमुना सफाई का काम तेजी से हो रहा है. नई सीवर और पानी की लाइन बिछाने का काम हो रहा है. शिव मूर्ति से नेल्सन मंडेला रोड तक टनल निर्माण किया जा रहा है. दिल्ली में केंद्र सरकार ने 1731 अनधिकृत कॉलोनी का नियमितीकरण भी केंद्र सरकार ने किया. दो लाख स्ट्रीट वेंडर को केंद्र सरकार ने मदद की. उसके बाद ही वह कोरोना काल में अपनी आजीविका चला पाए. पिछली सरकारों के समय भी केंद्र सरकार ने सहयोग किया. दिल्ली में नई सीवर लाइन, नई पानी की लाइन और नए डिसेंट्रलाइज एसटीपी को मंजूरी दी जा चुकी है. हम आज एजुकेशन के क्षेत्र में भी निर्बाध रूप से काम कर रहे हैं. स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी हमारी सरकार काम कर रही है. सभी खाली जगहों को भरने के लिए पिछले 10 से 12 साल में पहली बार प्रक्रिया शुरू हुई है.
सीएम गुप्ता ने ये भी कहा कि कूड़े की साइट की 60 से 65 मीटर की ऊंचाई को कम करके हम 30 से 40 मीटर पर लेकर आ गए हैं. ओखला की साइट को हम मार्च 2026 तक खत्म कर देंगे. आयुष्मान योजना को दिल्ली में लागू किया है. हमने पांच रुपए और अपनी ओर से जोड़कर 10 लाख रूपये बढ़ाकर दिल्ली के लोगों को दिया है. इस दौरान संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम तक दिल्ली संयोजक सांसद कमलजीत सहरावत और दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर भी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें- बीजेपी सरकार के 11 साल पूरे होने पर नड्डा ने बोले- पीएम मोदी ने देश की राजनीतिक- संस्कृति को बदल दिया
ये भी पढ़ें- केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर 'संकल्प से सिद्धि' तक अभियान चलाएगी दिल्ली भाजपा, जेपी नड्डा करेंगे घोषणा

