ETV Bharat / state

नूंह में लापरवाह पुलिसकर्मियों पर गिरेगी गाज, पिता ने आरोपी बेटे पर की कार्रवाई की मांग, नाबालिग लड़की के मुंह पर मारी थी बीयर की बोतल

नाबालिग पर हमला मामले के आरोपी सौरभ के पिता ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा लड़की के साथ मारपीट की घटना गलत है.

NUH MINOR ATTACK CASE
नूंह पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 18, 2025 at 10:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंहः हरियाणा के नूंह जिले में 12 जुलाई को हुई एक दिल दहला देने वाली घटना में शामिल 2 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है. गिरफ्तार किए गए बालिग आरोपी सौरभ को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. वहीं मामले का दूसरा आरोपी नाबालिग है, उसे बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेजा जा चुका है.

दोषी पुलिस कर्मियों पर होगी कार्रवाईः नूंह पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने माना कि इस मामले में पुलिस की लापरवाही रही है. अगले तीन-चार दिन में जांच पूरी होने के बाद दोषी पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने इस मामले में ढिलाई बरती है.

तीन दांत टूटे, 35 टांके लगेः आपको बता दें कि रोजका मेव थाना क्षेत्र के तहत 17 वर्षीय किशोरी को मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने शराब की बोतल मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इस हमले में लड़की के तीन दांत टूट गए और उसे 35 टांके लगे हैं. इस मामले में वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री और लोकसभा सांसद कुमारी शैलजा ने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे.

बाइक ठीक से चलाने के लिए कहने पर बदमाशों ने किया था हमलाः एफआईआर के अनुसार, पीड़ित लड़की की मां ने बताया था कि 12 जुलाई को शाम करीब 7:55 बजे बेटी स्कूटी से दूध लेने गई थी. उसने रास्ते में कॉलोनी के दो अन्य बच्चों को अपनी स्कूटी पर बिठाया था. वापसी के दौरान, एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक लहराते हुए बाइक चला रहे थे. बेटी ने उन्हें सावधानी से बाइक चलाने को कहा, जिसके जवाब में एक युवक ने उसके चेहरे पर बीयर की बोतल दे मारी. इससे मेरी बेटी को गंभीर चोटें आईं, जिसमें तीन दांत टूट गए और कई जगह तेज धार वाली चोटें लगीं.

कई दिन बाद 15 जुलाई को हुआ मुकदमाः घायल लड़की को सोहना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. उसके बाद नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. पीड़ित की माता ने साफ कहा कि रोजकामेव पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में देरी की. रोजका मेव पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर 15 जुलाई को मुकदमा दर्ज किया है. इस घटना ने नूंह जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए. पीड़िता के परिजनों ने भी पुलिस पर मुकदमा दर्ज करने में देरी और लापरवाही का आरोप लगाया है. अब इस मामले में लापरवाह पुलिस कर्मचारियों जल्द कार्रवाई होने की उम्मीद है.

क्या बोले आरोपी के पिता : आरोपी सौरभ के पिता पुरूषोतम ने मीडिया के सामने कहा कि 12 जुलाई की घटना दुखद है. जिस बेटी के साथ वारदात हुई है, उसे न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि भले ही मेरा बेटा आरोपी है, लेकिन जो लड़की के साथ मारपीट की घटना हुई वह बेहद गलत है.

रिमांड पर आरोपी: नाबालिग लड़की के मुंह पर बियर की बोतल मारकर उसके तीन दांत तोड़ने और मुंह पर गंभीर चोट लगने के आरोप में गिरफ्तार किए गए सौरभ को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है. वहीं मामले का दूसरा आरोपी नाबालिग है, उसे बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेजा जा चुका है.

ये भी पढ़ें-'ठीक से चलाओ बाइक', बोलते ही दरिंदों ने छात्रा पर दे मारी शराब की बोतल, तोड़ डाले दांत - BRUTALLY ATTACKED IN NUH