बिहार में महिलाओं को रोजगार के लिए मिलेंगे 2 लाख, नीतीश कैबिनट का बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला रोजगार योजना शुरू की. हर परिवार की एक महिला को ₹10,000 सहायता और बाद में 2 लाख तक सहायता मिलेगी.

Published : August 29, 2025 at 1:07 PM IST
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनावी साल में महिलाओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है. विशेष कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को स्वीकृति दी गई है. इसके तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला सदस्य को रोजगार के लिए सहायता दी जाएगी.
मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला: इस योजना के तहत सितंबर महीने में इच्छुक महिला को पहली किस्त के रूप में 10,000 रुपये की राशि दी जाएगी. इसके बाद छह महीने में मूल्यांकन कर कुल 2,00,000 रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. कैबिनेट में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी बिहार के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने दी.

मुख्य सचिव ने दी जानकारी: अमृतलाल मीणा 31 अगस्त को रिटायर हो रहे हैं और यह उनकी रिटायरमेंट से पहले की आखिरी कैबिनेट ब्रीफिंग थी. मुख्य सचिव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण विकास विभाग और शहरी क्षेत्रों में नगर विकास विभाग को आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की जिम्मेदारी दी गई है. ग्रामीण विकास विभाग विस्तृत गाइडलाइन जारी करेगा.
लगातार हो रहे जनकल्याणकारी फैसले: चुनावी साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार बड़े फैसले ले रहे हैं. पिछले दो महीनों में कई घोषणाएं की गई हैं जिनका लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है.
"सरकार ने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का फैसला लिया है जो अब लागू हो चुका है. इसके अलावा विधवा, 60 साल से ऊपर के बुजुर्ग और दिव्यांगों को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है."- अमृतलाल मीणा मुख्य सचिव
मानदेय और पेंशन में इजाफा: जीविका दीदी, रसोईया, स्कूल के रात्रि प्रहरी, किसान सलाहकार आदि का मानदेय बढ़ाया गया है. इसके अलावा जेपी सेनानी और पत्रकारों की पेंशन को भी दोगुना किया गया है.
नई मुख्य सचिव की नियुक्ति और विदाई: कैबिनेट बैठक में मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा को मंत्री परिषद की ओर से शुभकामनाएं दी गईं. 31 अगस्त को वे सेवानिवृत्त होंगे और उनकी जगह प्रत्यय अमृत नए मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे. इसलिए आज की प्रेस ब्रीफिंग की जिम्मेदारी अमृतलाल मीणा को सौंपी गई थी.
ये भी पढ़ें
अधिकारियों को शिक्षकों के बाद मिलेगी सैलरी, अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने किया ऐलान
बिहार स्वास्थ्य विभाग में बड़ा उलटफेर, 360 डॉक्टरों का ट्रांसफर, 3 जिलों के सिविल सर्जन भी बदले

