आईएएस विनय चौबे पर दर्ज होगा नया केस, आय से अधिक संपत्ति जांचने का आदेश
आईएएस विनय चौबे पर अब एक नया केस दर्ज होगा.

Published : June 6, 2025 at 11:10 PM IST
रांचीः झारखंड सरकार में पूर्व उत्पाद सचिव रहे विनय कुमार चौबे की मुश्किलें और बढ़ेंगी. शराब घोटाले में गिरफ्तार विनय कुमार चौबे के खिलाफ अब आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज कर, आगे की जांच की जाएगी. इस संबंध में राज्य सरकार के मंत्रिमंडल, निगरानी व सचिवालय विभाग ने शुक्रवार को एसीबी को प्रीलिमिनरी इंक्वायरी (पीई) दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया है.
क्या है पूरा मामला
झारखंड के पूर्व उत्पाद सचिव विनय कुमार चौबे के खिलाफ अब आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज कर संपत्ति के साथ साथ पद के दुरूपयोग की विस्तृत जांच की जाएगी. इस संबंध में राज्य सरकार के मंत्रिमंडल, निगरानी और सचिवालय विभाग ने शुक्रवार को एसीबी को प्रीलिमिनरी इंक्वायरी (पीई) दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया है.
शराब घोटाले में विनय कुमार चौबे की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो ने मंत्रिमंडल निगरानी विभाग से पत्राचार किया था. शुक्रवार की देर शाम राज्य सरकार ने इससे संबंधित आदेश एसीबी को सौंप दिया है.
क्यों आय से अधिक संपत्ति जांचने का आदेश
शराब घोटाले मामले में इसी महीने 20 मई को एंटी करप्शन ब्यूरो ने लंबी पूछताछ के बाद आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद सरकार ने विनय कुमार चौबे को निलंबित भी कर दिया था. विनय चौबे की गिरफ्तारी के बाद जांच में शराब दुकानों में मैनपॉवर सप्लाई करने वाली प्लेसमेंट एजेंसी के चयन में अनियमितता और कई तरह के लाभ पहुंचाने के सबूत मिले थे.
जांच के दौरान ही विनय कुमार चौबे के द्वारा हासिल की गई कुछ अचल संपत्तियों और कंपनियों में कई तरह की निवेश की जानकारी भी प्राप्त हुई थी. एसीबी ने अचल संपत्तियों की खरीद को लेकर रांची के सारे डिप्टी रजिस्ट्रार को पत्र भेजा था. जिसमें यह बात आयी थी कि पांच अचल संपत्तियों की खरीद विनय कुमार चौबे और उनके आश्रितों के द्वारा की गई है.
वहीं विनय कुमार चौबे की संपत्ति के साथ साथ उनकी पत्नी, साले शिपित त्रिवेदी और उनकी पत्नी, कारोबारी विनय कुमार सिंह और उनकी पत्नी की संपत्ति की जानकारी भी एसीबी जुटा रही थी. प्रारंभिक जानकारी के बाद विस्तृत जांच के लिए एसीबी ने राज्य सरकार को अलग से पत्र लिखा था. इस पत्र में तथ्यों से अवगत कराते हुए, विनय कुमार चौबे के आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग की गई थी.
विनय चौबे के करीबी फिर नहीं हुए उपस्थित, दो एकाउंटेंट से पूछताछ
आईएएस विनय कुमार चौबे के करीबी विनय कुमार सिंह शुक्रवार को भी एसीबी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए. उनके द्वारा बीमार होने की जानकारी एसीबी को दी गई है. 31 जून को भी एसीबी ने उन्हें नोटिस भेजा था, लेकिन तब भी बीमारी की वजह से उन्होंने उपस्थित होने में असमर्थता जतायी थी. शुक्रवार को एसीबी ने विनय कुमार सिंह के कंपनी नेक्सजेन में एकाउंटेंट राजीव झा और एसएस मोटो जेन के एकाउंटेंट वीरेंद्र वर्मा से पूछताछ की है.
इसे भी पढ़ें- पूर्व आयुक्त समेत 15 को एसीबी का समन, दिल्ली-हरियाणा तक जांच की आंच!
इसे भी पढ़ें- रिमांड खत्म: न्यायिक हिरासत में भेजे गए निलंबित आईएएस विनय चौबे और गजेंद्र सिंह
इसे भी पढे़ं- आईएएस विनय कुमार चौबे दो दिनों के रिमांड पर, शराब घोटाला मामले में एसीबी करेगी पूछताछ

