ETV Bharat / state

भारत नेपाल बॉर्डर पर नेपाली मूल का युवक गिरफ्तार, भारी मात्रा में इंडियन करेंसी बरामद

भारत-नेपाल सीमा से लाखों की भारतीय करेंसी के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार किया गया.

INDO NEPAL BORDER
भारत नेपाल बॉर्डर पर नेपाली मूल का युवक गिरफ्तार (PHOTO-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 9, 2025 at 9:18 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चंपावत: सशस्त्र सीमा बल ने भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के बनबसा क्षेत्र से एक नेपाली मूल के युवक को इंडियन करेंसी की खेप के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी युवक से 11 लाख रुपए की रकम बरामद हुई है. युवक बेंगलुरु में डिलीवरी बॉय का काम करता था. एसएसबी ने युवक समेत रुपए को कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है.

जानकारी के मुताबिक, एसएसबी टीम रोजाना की तरह भारत नेपाल बॉर्डर के बनबसा में चेकिंग अभियान चलाए हुए थी. तभी एक युवक बॉर्डर पर आता हुआ दिखाई दिया. तलाशी लेने पर युवक के पास 11 लाख रुपए (सभी 500 के नोट) बरामद हुए. जिसके बाद युवक से रुपयों के कागजात दिखाने को कहा गया. लेकिन युवक किसी भी तरह के कागजात नहीं दिखा पाया.

पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रेम सौद पुत्र जीत बहादुर सौद उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम झल्लारी, जिला कंचनपुर, नेपाल बताया. युवक ने बताया कि वह बेंगलुरु में एक कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है. जिसके बाद टीम ने रुपयों के संबंध में कोई भी डॉक्यूमेंट न दिखाने पर युवक और रुपए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिए.

एसएसबी कमांडेंट मनोहर लाल ने कहा कि एसएसबी तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. सशस्त्र सीमा बल के इस प्रभावशाली अभियान से न केवल तस्करी पर रोक लगी है. बल्कि सीमांत क्षेत्र में कानून का शासन स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत संदेश भी गया.

ये भी पढ़ें: चाइनीज महिला की भारत में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, SSB ने नेपाल बॉर्डर पर पकड़ा, APF को सौंपा