NEET UG 2025: तीसरे राउंड की सीट मैट्रिक्स में 4128 MBBS सीट, AIIMS की 99
कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट के अनुसार तृतीय राउंड काउंसलिंग में सीट मैट्रिक्स क्लियर वैकेंसी सीट और वर्चुअल वैकेंसी के अनुसार जारी की गई है.

Published : October 4, 2025 at 7:26 PM IST
कोटा: मेडिकल काउंसिल कमेटी की ऑल इंडिया 15 फीसदी कोटा काउंसलिंग के तहत तीसरे राउंड की काउंसलिंग की सीट मैट्रिक्स जारी कर दी गई है. इस सीट मैट्रिक्स में क्लियर वैकेंसी के रूप में और 4128 एमबीबीएस सीट्स पर एडमिशन मिलना है. जिसमें 99 सीट्स एम्स की हैं. जबकि 15 फीसदी कोटा के तहत सरकारी एमबीबीएस की 2286 सीट हैं.
निजी कोचिंग इंस्टीट्यूट के कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि ऑनलाइन तृतीय राउंड काउंसलिंग में सीट मैट्रिक्स क्लियर वैकेंसी सीट व वर्चुअल वैकेंसी के अनुसार जारी की गई है. इसमें सरकारी व डीम्ड क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज की 4128 एमबीबीएस सीटें हैं. इसी तरह से डेंटल कॉलेज की 604 बीडीएस और 189 बीएससी नर्सिंग की मिलाकर 4921 सीट की घोषणा की गई है. इसमें 15 फीसदी कोटा में 2286 और एम्स की 99 एमबीबीएस की सीटें भी शामिल हैं. डीम्ड क्षेत्र के मेडिकल कॉलेजों की 925 व एनआरआई कोटे की 622 सीटें हैं. जबकि डीम्ड क्षेत्र के डेंटल कॉलेजों की बीडीएस की 115 व एनआरआई कोटे की 77 सीटें शामिल हैं.
पढ़ें: NEET UG 2025: सेंट्रल काउंसलिंग से ऊंची गई राजस्थान के दूसरे राउंड की कटऑफ, 541 अंक पर सीट एलॉटमेंट
उन्होंने बताया कि दिल्ली यूनिवर्सिटी की आंतरिक कोटा की क्लियर वैकेंसी सीट के अंतर्गत 9 एमबीबीएस व 3 डेंटल सीट्स, इन्द्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी की 41 एमबीबीएस व 14 डेंटल सीट्स भी इसी काउंसलिंग के माध्यम से भरी जाएंगी. बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय की एमबीबीएस की 2 व 15 डेंटल सीट्स, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की 14 एमबीबीएस व 12 डेंटल सीटें इसमें शामिल हैं. जिप्मेर पांडिचेरी व कराईकल कैंपस की 14 एमबीबीएस सीट हैं. इसी प्रकार ESIC मेडिकल कॉलेज की 104 एमबीबीएस सीट हैं. जबकि 6 डेंटल सीटें ESIC कार्ड होल्डर्स के बच्चों के लिए आरक्षित हैं. काउंसलिंग में पहली बार शामिल मेडिकल कॉलेज में बढ़ी हुई 138 एमबीबीएस सीट्स का भी जिक्र किया है. नए ESIC मेडिकल कॉलेज की 131 व सरकारी मेडिकल कॉलेज अमेठी की 7 एमबीबीएस सीट्स भी शामिल की गई है.
पढ़ें: NEET UG 2025: दूसरे राउंड में राजस्थान में MBBS की 2678, NRI 275 सीट पर अब 1.08 करोड़ फीस
वर्चुअल वैकेंसी में है 9405 सीट: वर्चुअल वैकेंसी के रूप में सरकारी, डीम्ड व अन्य श्रेणी की 9405 एमबीबीएस सीटें, 1168 बीडीएस व 164 बीएससी नर्सिंग सीट्स काउंसलिंग में शामिल की गई हैं. वर्चुअल वैकेंसी की सीट मैट्रिक्स का आशय है कि जिसमें फर्स्ट व सेकंड राउंड के जॉइन्ड कैंडिडेट्स, जिन्होंने थर्ड राउंड में अपग्रेड करने की इच्छा जाहिर की है. वे सीट्स भी चॉइस फिलिंग के दौरान कैंडिडेट को दिखाई देंगी.
यह रहेगा तीसरे राउंड का शेड्यूल:
- 5 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन
- चॉइस फिलिंग 5 अक्टूबर तक
- 5 अक्टूबर शाम 4 बजे से रात 11:55 तक चॉइस लॉक
- सीट अलॉटमेंट 8 अक्टूबर
- जॉइनिंग और रिपोर्टिंग 9 से 17 अक्टूबर
(नोट:- इस शेड्यूल को आगे बढ़ाया जाना संभावित है)

