नीट यूजी 2025 : राजस्थान की काउंसलिंग के तीसरे राउंड का शेड्यूल जारी, 17 को सीट एलॉटमेंट
राजस्थान स्टेट 85 फीसदी कोटा काउंसलिंग के तीसरे चरण में आवंटित सीटों पर दिवाली के दौरान 18 से 22 अक्टूबर तक रिपोर्टिंग चलेगी.

Published : October 5, 2025 at 2:06 PM IST
कोटा: नीट यूजी के परिणाम के आधार पर सेंट्रल और स्टेट कोटा की काउंसलिंग चल रही है. इसके तहत राजस्थान स्टेट 85 फीसदी कोटा काउंसलिंग के तीसरे चरण का शेड्यूल जारी किया गया है. राजस्थान मेडिकल डेंटल काउंसलिंग बोर्ड 2025 में जारी शेड्यूल के अनुसार, तीसरा राउंड 5 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक चलेगा. 8 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन, 13 अक्टूबर तक चॉइस फिलिंग और 17 अक्टूबर को सीट अलॉटमेंट का नतीजा जारी किया जाएगा. इसके बाद 18 से 22 तक रिपोर्टिंग चलेगी. इस दौरान दिवाली का त्योहार रहेगा.
निजी कोचिंग संस्थान की कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि 5 अक्टूबर को प्रोविजनल सीट मैट्रिक्स जारी की जाएगी. साथ ही रजिस्ट्रेशन 5 से 8 अक्टूबर रात 11:55 तक होंगे, लेकिन रजिस्ट्रेशन फीस कैंडिडेट 8 अक्टूबर को शाम 5:00 बजे तक ही जमा कर सकेंगे. इसके बाद दिव्यांग, डिफेंस, पैरामिलिट्री व एनआरआई कैंडिडेट का वेरिफिकेशन लिस्ट 9 अक्टूबर को होगा. 10 अक्टूबर को सब कैंडीडेट्स का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा.
पढ़ें: NEET UG 2025: तीसरे राउंड की सीट मैट्रिक्स में 4128 MBBS सीट, AIIMS की 99
एक्सपर्ट मिश्रा के अनुसार, मेडिकल डेंटल काउंसलिंग बोर्ड 11 अक्टूबर को प्रोविजनल मेरीट लिस्ट जारी करेगा. साथ ही वैकेंसी की सीट मैट्रिक्स भी 11 अक्टूबर को ही जारी होगी. कैंडिडेट्स को कॉलेज में एडमिशन के लिए 11 से 13 अक्टूबर तक शाम 4:00 बजे तक सिक्योरिटी फीस जमा करनी होगी. यह कॉलेज और सीट की कैटेगरी के अनुसार या अलग-अलग है. 11 से 13 अक्टूबर तक ही ऑनलाइन चॉइस फिलिंग होगी. यह 13 अक्टूबर रात 11:45 पर ऑटो लॉक हो जाएगी.
कैंडिडेट 14 अक्टूबर को चॉइस फिलिंग का प्रिंट आउट ले सकेंगे. इसके बाद 17 अक्टूबर को ऑनलाइन सीट अलॉटमेंट होगा. इसका प्रिंट आउट कैंडिडेट पोर्टल से 18 से 22 अक्टूबर तक ऑनलाइन ले सकेंगे. कैंडीडेट को 18 से 22 अक्टूबर दोपहर 2:00 बजे तक एलॉटेड कॉलेज की ट्यूशन फीस जमा करनी होगी. इसके बाद 18 से 22 अक्टूबर सुबह 9:00 से शाम 5:00 के बीच कॉलेज में रिपोर्टिंग व जॉइनिंग कर सकेंगे.
तीसरे राउंड में एलॉटेड सीट जॉइन नहीं की तो बाहर :
- यदि कोई कैंडिडेट काउंसलिंग के तीसरे राउंड में आवंटित सीट पर शामिल होता है तो सिक्योरिटी डिपॉजिट अलॉटेड कॉलेज के लिए जमा की जाने वाली ट्यूशन फीस में समायोजित की जाएगी.
- यदि कैंडिडेट की सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त नहीं की या फीस में समायोजित नहीं की तो काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी संबंधित बैंक खाते में लौटा दी जाएगी, जिससे सिक्योरिटी डिपॉजिट की थी.
- यदि किसी कैंडिडेट को राउंड 3 में सीट आवंटित की और वह आवंटित कॉलेज में ज्वाइनिंग नहीं देता है तो सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त कर ली जाएगी. साथ ही ऐसे कैंडिडेट के स्टेट वैकेंसी राउंड में शामिल होने की भी पात्रता नहीं रहेगी.

