NCRB की रिपोर्ट में राहत भरी खबर : राजस्थान में पिछले दो साल में 19.45 प्रतिशत अपराधों में आई गिरावट
राजस्थान में पिछले दो साल में अपराधों में गिरावट आई है. पढ़िए रिपोर्ट...

Published : October 2, 2025 at 10:41 AM IST
जयपुर : अपराध के मामलों में राजस्थान के लिए राहत भरी खबर आई है. हाल ही में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की ओर से देश के आपराधिक आंकड़े जारी किए गए हैं. ये आंकड़े वर्ष 2021, 2022 और 2023 तक के हैं. NCRB के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 और 2025 में राजस्थान में निरंतर अपराधों में कमी आई है. अपराधों में दो साल में 19.45 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. खास बात है कि महिला अत्याचार प्रकरण में 9.24 प्रतिशत की कमी आई है. प्रदेश में पिछले दो साल में कुल अपराध में 19.45 प्रतिशत गिरावट आई है.
सुधरने लगे हालात : राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की ओर से जारी किए गए देश के आपराधिक आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में पिछले दो साल में कुल अपराध में 19.45 प्रतिशत गिरावट आई है. वर्ष 2023 व 2024 की तुलना की जाए तो महिलाओं के विरुद्ध अपराधों 45,450 मुकदमों के विरुद्ध 36,563 मुकदमे दर्ज हुए हैं. अनुसूचित जनजाति के विरुद्ध अपराधों में 8449 के मुकाबले 7008 मुकदमे, अनुसूचित जाती के विरुद्ध अपराधों में 2453 के स्थान पर 2282 मुकदमे दर्ज हुए हैं. आर्थिक अपराधों में भी कमी है, 27675 के मुकाबले 27637 अभियोग पंजीबध हुए हैं. आईपीसी/बीएनएस अपराधों में 2,34,985 के स्थान पर 2,13,352 मुकदमे दर्ज हुए.
पढे़ं. 1 साल में गिरा अपराधों का ग्राफ, एससी-एसटी मामलों और महिला अत्याचार के केस भी कम
राजस्थान में महिला अपराधों में लगातार गिरावट : रिपोर्ट के अनुसार महिला अत्याचार प्रकरण में 9.24 प्रतिशत की कमी आई है. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, क्राइम दिनेश एमएन ने कहा कि वर्ष 2023 के बाद से लगातार टीम राजस्थान पुलिस की प्रतिबद्धता और प्रभावी कार्रवाई के चलते राज्य में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचारों के अपराधों में लगातार गिरावट दर्ज की गई है. यह सकारात्मक रुझान वर्ष 2023 के बाद से ही जारी है. यह गिरावट राज्य सरकार की ओर से अपराध नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों की सफलता को दर्शाती है.
दिनेश एमएन ने कहा कि राजस्थान पुलिस की अपराधों को दर्ज करने की पारदर्शी, निष्पक्ष एवं फ्री-रजिस्ट्रेशन की नीति के चलते अपराध नियंत्रण और शिकायत निस्तारण की कटिबद्धता का असर स्प्ष्ट नजर आने लगा है. राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की ओर से हाल ही में जारी किए गए आंकड़े वर्ष 2021 से 2023 तक के हैं, जबकि राजस्थान पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के चलते वर्ष 2024-25 में अपराधों में लगातार गिरावट नजर आई है. राज्य में महिला अत्याचार, अजा-अजजा संबंधित अपराध व आर्थिक अपराधों के साथ फायरिंग की घटनाओं में भी कमी पाई गई है. अपराधों में लगातार आ रही गिरावट टीम राजस्थान पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रतीक है.

