ETV Bharat / state

लातेहार में नक्सल खौफ की वापसी, दहशत में कारोबारी से लेकर सरकारी कर्मचारी

लातेहार में नक्सली वारदात के बाद कारोबारी खौफ में हैं. नक्सलियों ने दो बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर अपनी मौजूदगी दर्ज करायी है.

Naxal Attack In Latehar
लातेहार में नक्सल खौफ. (कॉन्सेप्ट इमेज-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 4, 2025 at 2:03 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड के लातेहार जिले में एक बार फिर नक्सल खौफ की वापसी होते दिख रही है. चार दिनों के भीतर दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर नक्सलियों ने पुलिस के सामने खुली चुनौती पेश की है. इससे पहले साल 2024 के आखिरी महीने में भी लातेहार में एक दर्जन के करीब नक्सल वारदात हुई थी.

लातेहार हुआ अशांत

झारखंड के लातेहार जिले में एक बार फिर से स्प्लिंटर ग्रुप और माओवादी दोनों ही हावी होने की कोशिश में लग गए हैं. गुरुवार को लातेहार के महुआटांड़ में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वहीं शनिवार की देर रात नक्सलियों ने लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र में छह से ज्यादा वाहनों को आग के हवाले कर दिया है. तीन दिन के भीतर दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर नक्सलियों ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है. पिछले महीने बोकारो में आठ नक्सलियों का एक साथ एनकाउंटर करने के बाद झारखंड पुलिस टॉप गेयर में चल रही थी, लेकिन लातेहार में हुई दो लगातार वारदातों ने अभियान पर सवाल खड़ा कर दिया है.

साल 2024 में नक्सलियों ने जमकर मचाया था उत्पात

साल 2024 में भी नक्सली और स्प्लिंटर ग्रुप के द्वारा लातेहार में जमकर उत्पात मचाया गया था. बाद में लातेहार एसपी कुमार गौरव के द्वारा की गई कार्रवाई की वजह से चार महीने तक लातेहार शांत रहा, लेकिन अचानक एक बार फिर लातेहार में नक्सल दहशत कायम हो गया है. लातेहार में पिछले साल एक महीने में ही आगजनी और गोलाबारी की 10 वारदातें सामने आई थी. लातेहार में 20 नवंबर को जेजेएमपी के उग्रवादियों ने चार हाइवा को आग के हवाले कर दिया था.

लातेहार में ही 24 नवंबर को अमन साव के गुर्गों के द्वारा एके 47 से एक कोयला ट्रक पर फायरिंग की गई. 15 नवंबर को लातेहार के चंदवा में पेट्रोल पंप पर फायरिंग की गई, वहीं नवंबर महीने में ही बालूमाथ स्थित कोयला साइडिंग पर भी फायरिंग की गई. जांच में यह बात सामने आई है कि फायरिंग और आगजनी करने वाले उग्रवादी संगठन स्प्लिंटर ग्रुप के हैं, जो सिर्फ और सिर्फ पैसे वसूलने के लिए घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. लेकिन इस बार लातेहार में हुई दो वारदातों में नक्सलियों के शामिल होने की बात सामने आ रही है.

खौफ में कारोबारी

लातेहार में नक्सली संगठन इस बार बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है. बहुत कम बार ऐसा होता था जिसमें आगजनी के दौरान किसी व्यक्ति की हत्या नक्सलियों के द्वारा की जाती थी. लेकिन लातेहार के महुआटांड़ में गुरुवार को हुए नक्सली हमले में कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शनिवार की रात एक सरकारी प्रतिष्ठान के साइट पर हमला किया गया, जिसमें छह वाहनों को आग के हवाले किया गया.

आपको बता दें कि लातेहार में केंद्र और राज्य सरकार के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं. जिसमें बड़ी संख्या में प्राइवेट के साथ-साथ सरकारी कर्मचारी भी काम कर रहे हैं. चार दिन के भीतर दो बड़ी नक्सली वारदात की वजह से लातेहार में काम करने वाले कर्मचारी दहशत में हैं.

ये भी पढ़ें-

लातेहार में नक्सलियों का उत्पात, आठ गाड़ियों में लगाई आग

सारंडा में अभियान के बीच दूसरे इलाके में सक्रिय हुए नक्सली, डीजीपी ने दिए कई निर्देश

लातेहार में खून के रिश्ते का कत्ल! युवक की गोली मारकर हत्या

लातेहार में नक्सलियों ने जमकर मचाया उत्पात, वाहनों को फूंका, मुंशी की गोली मारकर हत्या

लातेहार पुलिस ने 5 टीएसपीसी नक्सलियों को किया गिरफ्तार, हिंसक वारदात को अंजाम देने की बना रहे थे योजना