ETV Bharat / state

सोना-चांदी नहीं, चोरों ने चुराई खेत में खड़ी चने की फसल, नरसिंहपुर में अजीब वारदात

नरसिंहपुर में चोर किसान के खेत में खड़ी 1 एकड़ चने की फसल काट ले गए. चोरों की तलाश इधर-उधर भटक रहा पीड़ित किसान.

NARSINGHPUR THIEF STOLE GRAM CROP
खेत में खड़ी चने की फसल चोरों ने की चोरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : March 4, 2025 at 1:46 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नरसिंहपुर: जिले से एक अनोखी घटना सामने, जिसने पुलिस को भी अचरज में डाल दिया है. दरअसल, चोरों ने बीते 2 मार्च की रात एक खेत में खड़ी चने की फसल चोरी कर ली. इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा गया है. पीड़ित किसान का दावा है कि चोरों ने 10 क्विंटल चने की फसल पार कर दी, जिससे करीब उसे 50 हजार रु का नुकसान हुआ है. पीड़ित किसान ने कहा, " वह जब इस मामले की शिकायत करने पुलिस थाने में गया, तो पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की."

1 एकड़ जमीन से चने की खड़ी फसल चोरी

यह पूरा मामला नरसिंहपुर जिले के करेली थाना अंतर्गत नारगी गांव का है. पीड़ित किसान प्रदीप कौरव इस गांव के सरपंच है. प्रदीप ने तीन एकड़ खेत में चने की फसल लगाई हुई है. चने की फसल अभी पूरी तरह पकी नहीं है, लेकिन थोड़ी जगह में चना काटने के लिए एकदम तैयार स्थिति में था. प्रदीप सोमवार की सुबह जब अपने खेत पर गए, तो उन्होंने देखा कि उनकी लगभग एक एकड़ खेत की फसल गायब है. प्रदीप ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया.

'खेत में अक्सर होती थी छोटी-मोटी चोरी'

प्रदीप कौरव ने बताया कि उनके खेत से अक्सर चोरी होती है, लेकिन यह चोरियां छोटी-मोटी होती थीं. थोड़ी बहुत फसल लोग उठ कर ले जाते थे, लेकिन इस बार तो चोरों ने करीब 1 एकड़ में लगी चने की पूरी फसल ही काट ली. प्रदीप ने कहा, " घटना की जब जांच की गई तो पता लगा कि देर रात एक ट्रैक्टर खेत पहुंचा था. इसी ट्रैक्टर में सवार होकर कुछ लोग खेत आए थे. सीसीटीवी में ट्रैक्टर को खेत पर आते-जाते देखा जा सकता है."

पुलिस कर रही मामले की जांच

करेली थाना प्रभारी सुभाष बघेल ने बताया, " प्रदीप कौरव ने खेत में हुई चने की चोरी की जानकारी एक पत्र के माध्यम से करेली थाने को दी है. इस मामले से जुड़े हुए सभी पहलू जांचे जा रहे हैं. सामान्य तौर पर खेत से फसल चोरी होना आसान काम नहीं होता है. अक्सर ऐसे मामलों में जमीनी विवाद बड़ी वजह होती है. यदि यह काम चोरों ने किया है, तो उन्हें पकड़ने की कोशिश भी की जाएगी.''