शिलापट्ट में नाम नहीं देखकर भड़के BJP MLA, खेल मैदान का उद्घाटन करने पहुंचे थे नेता
मुंगेर में बीजेपी विधायक शिलापट्ट पर अपना नाम न होने से नाराज हो गये. गुस्सा ऐसा कि रुक गया खेल मैदान का उद्घाटन. पढ़ें खबर.

Published : June 7, 2025 at 6:01 PM IST
मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत मय पंचायत में बने एक नए खेल मैदान के उद्घाटन समारोह से पहले बड़ा विवाद खड़ा हो गया. दरअसल, इस खेल मैदान के उद्घाटन के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई थी. पंडाल सज चुके थे, शिलापट्ट लगाया जा चुका था और उद्घाटन की तारीख भी तय कर दी गई थी. हालांकि जब मुंगेर के बीजेपी विधायक प्रणव कुमार वहां पहुंचे, तो उन्होंने शिलापट्ट पर अपना या किसी भी जनप्रतिनिधि का नाम न देखकर बवाल कर दिया.
विधायक प्रणव कुमार का फूटा गुस्सा: विधायक प्रणव कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि यह जनप्रतिनिधियों की खुली उपेक्षा है. उनका कहना था कि जब किसी क्षेत्र में विकास कार्य होता है, तो वहां के निर्वाचित प्रतिनिधियों को सम्मान देना लोकतंत्र की बुनियादी परंपरा है. शिलापट्ट पर उनका नाम न होना, उन्होंने इसे एक साजिश बताया और कहा कि अधिकारी जानबूझकर जनप्रतिनिधियों को दरकिनार कर रहे हैं.
विधायक ने पीओ को सुनाई खरी-खोटी: गुस्से में विधायक ने मौके पर मौजूद मनरेगा पीओ को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और मुख्यमंत्री को फोन कर शिकायत दर्ज की. उनका कहना था कि यह सिर्फ शिलापट्ट का मुद्दा नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा मामला है.
मजदूर बुलाकर तोड़ा गया शिलापट्ट: विधायक की सख्त प्रतिक्रिया के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मजदूरों को बुलाया और शिलापट्ट को तोड़ा गया. यह कार्रवाई उसी समय की गई जब विधायक मैदान में मौजूद थे. वहां मौजूद लोग यह देखकर चौंक गए कि एक तैयार उद्घाटन कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिया गया और शिलापट्ट को भी हटा दिया गया है.
क्या कहते हैं विधायक?: स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने विधायक को शांत करने के प्रयास में उद्घाटन की तारीख को आगे बढ़ा दिया है. अब यह उद्घाटन कार्यक्रम 8 जून को किया जाएगा. साथ ही, प्रशासन ने आश्वासन दिया कि नए शिलापट्ट में विधायक का नाम और जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान मिलेगा. घटना के बाद विधायक प्रणव कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह एक प्रशासनिक साजिश है.
"कुछ अधिकारी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन नहीं कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों को नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तक जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक वह ऐसे हर प्रयास का विरोध करते रहेंगे."-प्रणव कुमार, विधायक, बीजेपी
ये भी पढ़ें-
राहुल गांधी पर BJP का सबसे बड़ा हमला, गिरिराज सिंह बोले- पाकिस्तान की भाषा...
'मोदी जी को सरेंडर करने की आदत है', राहुल गांधी ने बिहार को कहा 'क्राइम कैपिटल'

