ETV Bharat / state

सौतेली मां से अवैध संबंध के आरोप में मर्डर, पिता ने बेटे की हत्या कर शव गंगा में फेका

नालंदा में पिता ने बेटे की हत्या कर शव को गंगा में फेक दिया. सौतेली मां से अवैध संबंध, विवाद की वजह मानी जा रही..है.

Etv Bharat
नालंदा में बाप पर बेटे की हत्या का आरोप (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 14, 2025 at 12:09 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नालंदा : नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के एक गांव में पिता द्वारा बेटे की हत्या और शव गंगा नदी में फेंकने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक घटना के पीछे पारिवारिक कलह और सौतेली मां से अवैध संबंध का विवाद अहम कारण माना जा रहा है.

शिकायत से खुला राज : घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के नाना ने अपने दामाद और उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई. जांच में सामने आया कि पिता, सौतेली मां, चाचा और एक पड़ोसी ने मिलकर युवक की हत्या की.

पारिवारिक पृष्ठभूमि और विवाद : मृतक की मां का कई साल पहले निधन हो गया था. इसके बाद पिता ने दूसरी और फिर 2014 में तीसरी शादी की. गांव में चर्चाएं हैं कि मृतक और उसकी सौतेली मां के बीच अनुचित संबंध थे, जिससे परिवार में तनाव बढ़ गया.

हत्या की योजना और वारदात : सूत्रों के अनुसार पिता और चाचा ने मिलकर बेटे की हत्या की योजना बनाई. योजना के मुताबिक युवक की हत्या कर चादर में लपेटकर शव को गंगा नदी में बहा दिया गया. घटना को पूरी तरह गुप्त रखा गया ताकि किसी को भनक न लगे.

पुलिस की कार्रवाई और कबूलनामा : पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गांव से गिरफ्तार किया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि शव को नदी में बहा दिया है. चाचा और सौतेली मां को भी हिरासत में लिया गया है.

शव की तलाश जारी : पुलिस टीम आरोपियों को लेकर गंगा घाट पहुंची, लेकिन नदी में तेज बहाव के कारण शव का पता नहीं चल सका. फिलहाल तलाश अभियान जारी है और मामले में गहन जांच हो रही है.

गांव में चर्चा और पुलिस का बयान : घटना की खबर फैलते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के पीछे का पूरा सच जांच के बाद सामने आएगा. फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और पूछताछ जारी है.

''पिता, चाचा और सौतेली मां को हिरासत में लेकर आरोपियों से गहन पूछताक्ष जारी है. हत्या के पीछे का सही कारण और वारदात की पूरी कहानी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी. शव की गंगा में तलाश जारी है. ''- अमरदीप कुमार, थानाध्यक्ष, हरनौत

ये भी पढ़ें-