ETV Bharat / state

लड़कर लैपटॉप खरीदवा लेना, नहीं तो पापा गांजा फूंक डालेंगे, रीवा सांसद की अजब सलाह

मध्य प्रदेश में मेधावी छात्रों की लैपटॉप राशि को लेकर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का अजब-गजब बयान, बच्चों को लैपटॉप खरीदने के लिए दिया आईडिया.

JANARDAN MISHRA LAPTOP STATEMENT
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने दिया अजब-गजब बयान (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 5, 2025 at 12:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रीवा: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपए की राशि वितरित की. शुक्रवार को रीवा में आयोजित राशि वितरण कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अलावा उनके अभिभावक, शिक्षक और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे. रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इसी दौरान कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे जनार्दन मिश्रा ने एक अजब-गजब बयान दे दिया. अब उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल है और चर्चा का विषय बना हुआ है.

मोहन यादव ने मेधावियों के खातों में ट्रांसफर किया पैसा

शुक्रवार को रीवा के शासकीय उच्चतर मार्तण्ड स्कूल क्रमांक 1 में लैपटॉप की राशि वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जहां सीएम मोहन यादव ने प्रदेश भर के 94 हजार से ज्यादा मेधावी छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 25-25 हजार रुपए की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की. इसी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद जनार्दन मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को ट्रांसफर की गई लैपटॉप की राशि को लेकर एक बयान दे दिया, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए.

'बिना लड़े आपको लैपटॉप नहीं मिलने वाला है' (ETV Bharat)

'बिना लड़े आपको लैपटॉप नहीं मिलने वाला है'

दरअसल, जनार्दन मिश्रा ने अपने अंदाज में संबोधन शुरू करते हुए छात्रों से पूछा, "लैपटॉप मिला की नहीं मिला?" फिर उन्होंने आगे कहा, "अब यही समस्या है कि लैपटॉप मिलेगा भी नहीं मिलेगा. मुख्यमंत्री ने तो आप लोगों के खातों मे लैपटॉप खरीदने के लिए पैसा भेज दिया है. अब क्या आपके माता-पिता आपको लैपटॉप दिलाएंगे की नहीं.

MP Laptop amount distribution
रीवा में प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि ट्रांसफर की गई (ETV Bharat)

इस पैसे को वो सत्यनारायण की कथा में लगा देंगे या फिर चोंगी (गांजा) फूंकने में लगा देंगे, ये तो भगवान ही जाने. अब यह आपका काम है कि कैसे भी करके अपने माता-पिता से इस पैसे से लैपटॉप खरीदवाना है, फिर चाहे उसके लिए लड़ना-झगड़ा ही क्यों न पड़े. बिना लड़े आपको लैपटॉप नहीं मिलने वाला है."

अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं रीवा सांसद

रीवा सांसद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आगे कहा, "लैपटॉप आप लोगों के ज्ञान संवर्धन के लिए है. आप लोगों को उचाईंयों तक ले जाने के लिए यह एक बहुत बड़ा माध्यम है. यह तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार है जो इस तरह की योजना लाकर आपको लैपटॉप दे रही है." बता दें कि इससे पहले भी जनार्दन मिश्रा कई बार अपनी बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं.

कुछ महीने पहले ही उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में बयान दिया था. जिसमें उन्होंने पति-पत्नि के बीच मोहब्बत का मोबाइल वाला ज्ञान और तेजी से बढ़ती तकनीक को लेकर कहा था कि "हम ऑनलाइन शादियां भी करने लगे हैं. अब 50-60 साल के बाद यह बच्चे जब पैदा होंगे तो क्या ये ऑनलाइन पैदा होने वाला बच्चा स्टील का पैदा होगा या हाड-मांस का होगा."