मध्य प्रदेश सरकार कर रही ताबड़तोड़ तबादले, दो एसपी 1 साल भी पूरा नहीं कर पाए
राज्य शासन द्वारा भारतीय पुलिस सेवा के 9 अधिकारी किए गए यहां से वहां, नरसिंहपुर-मंदसौर एसपी के तबादले चर्चा में.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 22, 2025 at 4:31 PM IST
भोपाल : मध्यप्रदेश शासन द्वारा पुलिस प्रशासन में लगातार बदलाव किया जा रहा है. अब राज्य शासन ने दो जिलों मंदसौर और नरसिंहपुर जिले के एसपी को अचानक बदल दिया है. नरसिंहपुर एसपी मृगाखी डेका को हटाकर पुलिस मुख्यालय भेजा गया है, जबकि मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद को हटाकर इंदौर स्थिति प्रथम बटालियन का कमांडेंट बनाया गया है. दोनों एसपी बदले जाने की वजह पिछले दिनों क्षेत्र में बीजेपी नेताओं के साथ हुई आपराधिक वारदातों को माना जा रहा है. दोनों एसपी के अलावा एएसपी स्तर के 7 अन्य अधिकारियों को भी यहां से वहां किया गया है.
इस वजह से बदली गईं नरसिंहपुर एसपी
2018 बैच की मृगाखी डेका को सितंबर 2024 में नरसिंहपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. 2016 बैच के अमित कुमार का तबादला कर मृगाखी डेका को यहां पदस्थ किया गया था, लेकिन एक साल पूरा होने के पहले ही उन्हें हटा दिया गया. उन्हें हटाए जाने की वजह हाल ही में हुई दो घटनाओं को माना जा रहा है. 3 दिन पहले ही नरसिंहपुर का एक वीडियो वायरल हुआ था, इसमें टीआई की शह पर पुलिसकर्मियों ने अनाज व्यापारी के साथ खुलेआम मारपीट की. हालांकि, इस मामले में आरोपी सभी पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया था.

यह भी पढ़ें - सिया विवाद पर मोहन यादव का एक्शन, 2 आईएएस अधिकारियों की छुट्टी की
इसके पहले जिले के एक बीजेपी नेता पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया था. नेता पर दो फायर किए गए थे, इसमें बीजेपी नेता गंभीर रूप से घायल हुए थे.
मंदसौर एसपी का इस वजह से हुआ तबादला?
वहीं, 2018 बैच के आईपीएस अभिषेक आनंद भी मंदसौर में एक साल पूरा नहीं कर सके. उन्हें भी पिछले साल मंदसौर एसपी बनाया गया था. बताया जा रहा है कि मंदसौर जिले में पिछले महीने बीजेपी नेता की हत्या के मामले में उन पर गाज गिरी है. इसके अलावा मंदसौर जिले के भावगढ़ में पांच पुलिसकर्मियों पर राजस्थान के व्यापारी को झूठा फंसाने के मामले में भी पुलिस विभाग की खूब किरकिरी हुई थी. मामले में कार्रवाई इंदौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुई.
यह भी पढ़ें - मणिपुर जाने से बच रहे IAS मीणा को हाईकोर्ट से झटका, बताया था जान का खतरा
इन 7 अधिकारियों के भी हुए ट्रांसफर
दो पुलिस अधिकारियों के अलावा 7 एएसपी रैंक के अधिकारियों के ट्रांसफर हुए हैं. भोपाल जोन-4 में डीएसपी जितेन्द्र सिंह पंवार को डीसीपी ट्रेफिक भोपाल बनाया गया है. इंदौर जोन 4 के डीसीपी ऋषिकेश मीना को एसपी नरसिंहपुर बनाया गया है. वहीं, इंदौर जोन-1 के डीसीपी विनोद कुमार मीना को मंदसौर एसपी, उज्जैन एएसपी मयूर खंडेलवाल को भोपाल जोन 4 का डीसीपी, जबलपुर एएसपी आनंद कलादगी को इंदौर जोन-4 का डीसीपी, ग्वालियर एएसपी कृष्ण लालचंदानी को इंदौन जोन-1 का डीसीपी और सिंगरौली एएसपी अभिषेक आनंद को उज्जैन एएसपी बनाया गया है.

