रुड़की में महिला ने प्रेमी जोड़े पर बरसाई चप्पलें, जमकर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा, जानिए पूरा मामला
रुड़की में महिला ने प्रेमी जोड़े के सिर से आशिकी का सारा भूत उतार दिया. हालांकि बाद में महिला को भी जाना पड़ा थाने.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 8, 2025 at 6:12 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में बस स्टैंड के पास उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया, जब एक महिला ने अचानक से बीच सड़क पर प्रेमी जोड़े की चप्पलों से धुनाई की. महिला का प्रेमी जोड़े पर ये रूप देख आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए. धीरे-धीरे मौके पर लोगों की भीड़ लग गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके भी मौके पर पहुंची और तीन लोगों को थाने लेकर गई. पुलिस ने तीनों से पूछताछ की तो मामला हैरान करने वाला निकला.
जानकारी के मुताबिक मामला रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के पुरानी कचहरी का है. बताया गया है कि एक चैंबर में बैठे युवक और युवती से एक महिला ने अचानक मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद मामला कचहरी के अंदर से मेन रोड तक जा पहुंचा और मारपीट जारी रही. इस दौरान महिला युवक को चप्पलों से पीटती रही और युवती उसे बचाने का प्रयास करती रही.
वहीं जब मामले की जानकारी की गई तो पता चला कि युवक से साथ जो युवती है, जिसे युवकी प्रेमिका बताया जा रहा है, वो कोई और नहीं, बल्कि युवक की पिटाई करने वाली महिला की बेटी है. महिला ने बताया कि उसकी बेटी की चार साल पहले ही शादी हो चुकी है. उसका दामाद विदेश में नौकरी करता है.
महिला के मुताबिक उसकी बेटी फिलहाल उसके घर पर ही रह रही है, जिससे मिलने बीती रात कलियर निवासी युवक आया था. महिला का आरोप है कि जब उन्होंने युवक को रोकने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ मारपीट की. वहीं आज सुबह युवक उनकी बेटी को घर से लेकर चला गया.
महिला के मुताबिक वो अपनी शिकायत लेकर पहले महिला कोतवाली गई थी, जहां से वो तहरीर लिखवाने कचहरी आई थी. इसी दौरान युवक और युवती भी कचहरी आ गए. वहीं युवती और युवक के अनुसार उन दोनों ने भी करीब सात माह पहले कोर्ट मैरिज कर ली है.
शादी शुदा युवती और युवक एक साथ रहने की जिद्द पर अड़ी थी. हालांकि इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, उधर तहसील में चेकिंग कर रहे सीपीयू के जवान दोनों पक्षों को सीओ कार्यालय ले आए, जहां से रूड़की सीओ नरेंद्र पंत ने उन्हें कोतवाली भिजवाया.
सीओ रुड़की नरेंद्र पंत का कहना है कि यह एक पारिवारिक मामला है. अभी दोनों पक्षों को कोतवाली भिजवाया गया है, अगर मामले में तहरीर आती है तो नियमानुसार कारवाई की जाएगी.
पढ़ें---

