क्या आपको मिल रही है मंईयां सम्मान की राशि, एक या दो बार के बाद पैसे नहीं मिलने पर करें ये काम. रांची की लाभुक चेक करें खाता
रांची में मंईयां योजना के लाभुकों के खाते में जुलाई माह की राशि भेज दी गयी है. डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने इसकी जानकारी दी है.

Published : August 13, 2025 at 7:03 PM IST
रांची: हेमंत सरकार अपने वादों को पूरा करते हुए लाभुकों के खाते में समय-समय पर मंईयां सम्मान योजना की राशि ट्रांसफर करती रहती है. एक बार फिर लाभुकों के लिए खुशखबरी आई है. रांची जिला की लाभुकों के खाते में जुलाई माह की किस्त जारी हो चुकी है. रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने इसकी जानकारी दी है.
जिले में लाभुकों की कुल संख्या 3 लाख 86 हजार 693 है. लिहाजा, रांची की सभी लाभुक अपना बैंक खाता चेक कर सकती हैं. खातों में जुलाई माह की किस्त के तौर पर 2,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए गये हैं. सिर्फ उनके खातों में पैसे भेजे गये हैं, जो आधार से लिंक्ड हैं.
राज्य सरकार की महत्वकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत रांची जिला में लाभुकों को जुलाई महीने की सम्मान राशि (2500 रुपये) का भुगतान उनके बैंक खाते में कर दिया गया है। प्रथम चरण में जिला में कुल 3 लाख 86 हजार 693 लाभुकों के खाते में 96 करोड़ 67 लाख 32 हजार 500 की राशि… pic.twitter.com/BpmLHqDxtz
— DC Ranchi (@DC_Ranchi) August 13, 2025
खाते में पैसे नहीं आ रहे तो करें ये काम
अगर किसी भी लाभुक के खाते में कुछ माह की किस्त आने के बाद पैसे आने बंद हो गये हैं तो उन्हें इस खबर को ध्यान से पढ़ना जरूरी है. दरअसल, मंईयां सम्मान योजना शुरू होने पर सीधे बैंक खातों में पैसे भेजे जा रहे थे. इसमें घपले की शिकायत मिलने पर लाभुकों के खाते की आधार सीडिंग को अनिवार्य कर दिया गया.
इसके बाद बहुत से लाभुकों की शिकायत रही है कि अब उनके खाते में पैसे नहीं आ रहे हैं. अगर आपके साथ ऐसा हो रहा है तो सबसे पहले यह पता करें कि कहीं आपने मनरेगा के तहत मजदूरी तो नहीं की है. क्योंकि मनरेगा के मजदूरों का भत्ता उनके खाते में डीबीटी होता है.
इसके लिए एक समय अभियान चलाकर मनरेगा मजदूरों के खातों को आधार सीडिंग कराया गया था. बाद में वही मजदूर शहरों में शिफ्ट हो गये और दूसरे बैंक में खाता खोल लिया. इस वजह से पुराने बैंक खाता में भी पैसे ट्रांसफर होने की संभावना है. ऐसे में आप अपने मनरेगा वाले बैंक खातों की जांच कराएं.
ईटीवी भारत के पास आ चुका है इसी तरह का मामला
इसी तरह का एक मामला ईटीवी भारत के संज्ञान में आया था. जांच में पता चला कि रांची के हरमू में रहने वाली तृप्ति देवी के खाते में मंईयां सम्मान के 7,500 रुपये नहीं आए थे. कंप्यूटर ऑपरेटर का कहना था कि आईसीआईसी बैंक में पैसे गये हैं, लेकिन तृप्ति का आईसीआईसी बैंक में खाता ही नहीं था. बाद में पता चला कि वह गुमला में मनरेगा मजदूर थी.
उस वक्त आईसीआईसीआई बैंक ने फिनो पेमेंट बैंक को अपना वेंडर बनाकर खाते खुलवाए थे. उसी खाते में तृप्ति देवी के पैसे ट्रांसफर हो गये थे. क्योंकि वैसे खाते आज भी आधार से लिंक्ड हैं. इसलिए उन खातों में भी पैसे ट्रांसफर होने की पूरी संभावना है. जांच के बाद आईसीआईसीआई प्रबंधन की पहल पर तृप्ति देवी के खाते में पैसे ट्रांसफर हो गये थे.
रांची जिला में प्रखंडवार लाभुकों की संख्या
1. अनगड़ा - 16490
2. अरगोड़ा शहरी क्षेत्र (नगर निगम) - 11923
3. बड़गाईं शहरी क्षेत्र (नगर निगम) - 8924
4. बेड़ो - 20622
5. बुण्डू - 8489
6. बुण्डू नगर पंचायत - 3424
7. बुढ़मू - 17657
8. चान्हो - 19715
9. हेहल शहरी क्षेत्र (नगर निगम) - 15170
10. ईटकी - 10455
11. कांके - 31540
12. कांके शहरी क्षेत्र (नगर निगम) - 1291
13. खलारी - 9675
14. लापुंग - 11216
15. मांडर - 23279
16. नगड़ी - 17677
17. नगड़ी शहरी क्षेत्र (नगर निगम) - 7439
18. नामकुम - 17696
19. नामकुम शहरी क्षेत्र (नगर निगम) - 8368
20. ओरमांझी - 18164
21. राहे - 9527
22. रातू - 18467
23. सिल्ली - 21194
24. सोनाहातू - 12820
25. तमाड़ - 18500
26. सदर शहरी क्षेत्र (नगर निगम) - 26971
खातों को आधार सीडिंग कराएं
जिला प्रशासन की ओर से फिर आग्रह किया गया है कि जिन लाभुकों का खाता आधार से लिंक्ड नहीं है, वे अपने खातों की आधार सीडिंग करा लें. इसको लेकर लगातार भौतिक सत्यापन का काम चल रहा है. जिनका भौतिक सत्यापन लंबित है, वो आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क कर इस प्रक्रिया को पूरी कर सकती हैं. रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि आधार सीडिंग के बगैर खातों में पैसे ट्रांसफर नहीं होंगे.
ये भी पढ़ें: रांची जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जून महीने की राशि का भुगतान, 3.85 लाख महिलाओं को मिला लाभ
मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़ा, कई महिलाएं गलत तरीके से ले रही थीं लाभ, जानें पूरा मामला

