उज्जैन में दिखी तारों की दुनिया, सीएम ने खगोलीय रहस्यों से उठाया पर्दा, परछाई कैसे हुई गायब
उज्जैन के वराहमिहिर वेधशाला में मुख्यमंत्री ने आधुनिक तारामंडल का किया लोकार्पण, 300 वैज्ञानिकों संग खगोल विज्ञान एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पर की चर्चा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 21, 2025 at 9:38 PM IST
उज्जैन: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को उज्जैन पहुंचे. यहां शनिवार 21 जून 2025 को ग्राम डोंगला में मुख्यमंत्री ने हाईटेक तारा मंडल का लोकार्पण किया. इसके बाद खगोल विज्ञान व भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला की शुरुआत हुई. दरअसल 21 जून का दिन हर साल विशेष खगोलीय घटना का दिन होता है, जब परछाई भी दोपहर 12 बजकर 28 मिनट पर कुछ पल के लिए मनुष्य का साथ छोड़ देती है.
खगोलीय घटना को सीएम ने वेधशाला में देखा
इस ऐतिहासिक घटना को देखने बच्चे, युवा व अन्य विज्ञान में रुचि रखने वाले पर्यटक उज्जैन में बनी दोनों वेधशालाओं में पहुंचे थे. उज्जैन की जीवाजीवैध शाला और गांव डोंगला में बनी वराहमिहिर वेधशाला में इस खगोलीय घटना को आज देखा गया. इस ऐतिहासिक पल पर मुख्यमंत्री मोहन यादव वराहमिहिर वेधशाला में मौजूद रहें. उन्होंने इस मौके पर वहां मौजूद बच्चों को यंत्र दिखाकर बताया कि आज कैसे परछाई गायब होती है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव बने गाइड
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव डोंगला स्तिथ वराहमिहिर वैध शाला पहुंचे, जहां करीब 300 वैज्ञानिकों के बीच खगोलीय घटना को मुख्यमंत्री ने गाइड बन मंत्री, नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों सहित बच्चे, युवाओं को इस घटना के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि कैसे साल में 2 संक्रांति मनाई जाती है? कैसे 21 जून को मनुष्य का साथ परछाई छोड़ देती है. कैसे आज का दिन सबसे बड़ा होता है.
सीएम मोहन यादव ने दी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वेधशाला में 1.6 करोड़ की लागत से बने अत्याधुनिक तारामंडल का लोकार्पण किया. अब यहां वैज्ञानिक और विज्ञान में रुचि रखने वाले छात्र आकर रिसर्च कर सकेंगे. इस आयोजन में देश भर के करीब 300 वैज्ञानिक भी जुटे और खगोल विज्ञान एवं भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर एक दूजे से विचार साझा किए. मुख्यमंत्री के साथ सभी ने नवनिर्मित ऑडिटोरियम में साइंस शो देखा, स्टेम वर्कशॉप का अवलोकन किया.
'हम तो बूथ के आधार पर चुनाव जीते हैं'
मुख्यमंत्री ने कहा, "वैज्ञानिकों से कहा माफ करना, लेकिन हमारे विज्ञान जगत के वक्ताओं के बीच भी कई जगह कंफ्यूजन खड़ा होता है. जैसे पॉलिटिकल जगत में होता था. जब हमने कहा उज्जैन के डोंगला में ऑब्जर्वेटरी बनेगी तो शुरू में तो यही झगड़ा चलता रहा कि ऑब्जर्वेटरी मैदान में कैसे बन सकती है, वो तो पहाड़ पर बनेगी. उसी तरह उज्जैन में राजा रात नहीं रुकेगा हद है, राजा से जोड़ दिया मुख्यमंत्री को "कहा चक्कर में पड़े हो भाई" हम तो बूथ के आधार पर चुनाव जीते हैं.

मुख्यमंत्री ने किया पोस्टर का विमोचन
सीएम ने कहा, ''ये सब जबरदस्ती की बात है, हर मिथक को अब तोड़ेंगे. मैं रात भी रुकता हूँ और मैदान पर ये ऑब्जर्वेटरी भी बनवाई है. इसमें जरूरत पड़ेगी तो और सुधार करेंगे और यंत्र लगाएंगे." मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय ड्रोन एवं रोबोटिक्स हैकाथॉन पोस्टर का विमोचन किया. साथ ही आगामी जनवरी में भारतीय ज्ञान प्रणाली तथा एमपीसीएसटी (M.P Council Of Science And Technology) द्वारा आयोजित की जाने वाली अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के पोस्टर का भी विमोचन किया है.

सीएम ने समझाई खगोलीय घटना
विज्ञान की जानकारी रखने वाले प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया, "इसे हम कर्क संक्रांति कहेंगे. अब कल 22 जून से दिन बड़े और राते छोटी होने लगेंगी. आज 21 जून का दिन साल का सबसे बड़ा दिन व छोटी रात का है. आज 13 घण्टे 34 मिनट का दिन व रात 10 घण्टे 26 मिनट की रहेगी.'' मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने यह भी समझाया हम सभी जानते हैं कि, ''पृथ्वी सूर्य के चारों और परिक्रमा करती है. जिस कारण सूर्य कर्क रेखा से मकर रेखा के बीच दृष्टिकोण करता दिखता है.''

कैसे शून्य होती है परछाई?
21 जून को सूर्य उत्तरी गोलार्ध में अपने अधिकतम उत्तरी बिंदु पर है, जिसको कर्क रेखा बोलते है. आज सूर्य की क्रांति 23 डिग्री 26 मिनट 16.7 सेकंड है. इस कारण से कर्क रेखा के नजदीक जितने भी स्थान है, वहां तय समय दोपहर 12 बजे के आसपास कुछ समय के लिए शून्य हो जाती है. चूंकि उज्जैन कर्क रेखा के नजदीक स्थित है, हम देखते हैं कि उज्जैन में 12 बजकर 28 मिनट पर परछाई कुछ समय के लिए जीरो होती है. इस घटना को वेधशाला में शंकु यंत्र के माध्यम से देखा जाता है.
23 सितंबर को दिन रात होंगे बराबर
पहले परछाई पश्चिम की ओर थी अब ये पूर्व की और बढ़ना शुरू हो जाएगी. आज सूर्य के उत्तरी गोलार्ध में होने से दिन सबसे बड़ा है. आज के बाद सूर्य दक्षिण की ओर गति करना शुरू करेगा, जिसे दक्षिणायन कहते है. अब इससे उत्तरी गोलार्ध में दिन धीरे धीरे छोटे होने लगेंगे व रात बड़ी. आगामी 23 सितंबर को दिन व रात बराबर होंगे.

एमओयू साइन किया गया
खगोलीय घटना के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मौजूद रहे. भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय के भारतीय ज्ञान परंपरा डिवीजन नई दिल्ली तथा मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के बीच एमओयू साइन किया गया. इस एमओयू से अब भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रमाणीकरण, दस्तावेजीकरण तथा मानकीकरण का कार्य किया जाएगा.
- योग दिवस पर धर्म नगरी उज्जैन में जुटेंगे 300 साइंटिस्ट, डोंगला वेधशाला से मोहन यादव देंगे बड़ी सौगात
- मोहन यादव की योग साधना, चुटकियों में कर डालते हैं कठिन से कठिन आसन
मुख्यमंत्री महायज्ञ में भी हुए शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को उज्जैन पहुंचते ही सिंहस्थ बायपास रोड़ स्थित निजी कॉलोनी में आयोजित राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के महायज्ञ में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संत टाटंबरी महाराज से भेंट कर उनका आर्शिवाद किया और मंदिर में भगवान के दर्शन भी किए.

