ETV Bharat / state

मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की लगेगी लॉटरी, दीपावली से पहले अकाउंट में गिरेंगे 10 हजार!

छत्तीसगढ़ की तर्ज पर मध्य प्रदेश में त्योहार अग्रिम देने की मांग, मुख्यमंत्री मोहन यादव तैयार कर रहें प्लान, 16 सालों से नहीं बढ़ी राशि.

MP FESTIVAL ADVANCE SALARY
मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की लगेगी लॉटरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : September 2, 2025 at 5:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: मध्य प्रदेश में गणतंत्र दिवस और होली समेत प्रमुख 9 त्योहारों में सरकारी कर्मचारियों को त्योहार अग्रिम यानी संबंधित त्योहार मनाने के लिए एडवांस राशि दी जाती है. इसे 6.5 प्रतिशत ब्याज के साथ कर्मचारियों को एक समान 10 किस्तों में चुकाना होता है. लेकिन बीते 16 सालों में मंहगाई जिस कदर बढ़ी है त्योहार अग्रिम में बढ़ोत्तरी नहीं हुई. अब इस मांग को लेकर सरकारी कर्मचारियों में आक्रोश है और वो छत्तीसगढ़ राज्य के बराबर सरकारी कर्मचारियों को त्योहार अग्रिम देने की मांग कर रहे हैं.

इन त्योहारों पर दिया जाता है त्योहार अग्रिम

बता दें कि मध्य प्रदेश में गणतंत्र दिवस, होली, स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, ईद उल जुहा, ईद उल फितर, दशहरा, दीपावली और क्रिसमस के अवसर पर सरकारी कर्मचारियों को 4 हजार रुपए का त्योहार अग्रिम दिया जाता है. आखिरी बार मध्य प्रदेश में कर्मचरियों की त्योहार अग्रिम राशि साल 2009 में बढ़ाई गई थी. तब से कर्मचारी संगठन निरंतर इसमें बढ़ोत्तरी की मांग कर रहे हैं. वहीं साल 2009 से पहले 2003 में एक हजार रुपये और साल 1998 में 600 रुपये त्योहार अग्रिम निर्धारित की गई थी.

MP Employees advance salary
16 सालों से नहीं बढ़ी त्योहार अग्रिम राशि (ETV Bharat)

छत्तीसगढ़ में इतना मिल रहा त्योहार अग्रिम

मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने बताया, "छठवें वेतनमान में 12,000 वेतन पाने वाले एवं सातवें वेतनमान में 30,900 वेतन पाने वाले कर्मचारियों को अभी 4 हजार रुपये का त्योहार अग्रिम दिया जाता है. जबकि छत्तीसगढ़ में साल 2022 से सरकारी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये त्योहार अग्रिम दिया जा रहा है. ऐसे में मध्य प्रदेश में भी सरकारी कर्मचारियों को दी जाने वाली त्योहार अग्रिम की राशि बढ़ाने की मांग की जा रही है."

mohan yadav govt festival amount
मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ की मांग पत्र (ETV Bharat)

कर्मचारियों ने सीएम और सीएस को लिखा पत्र

उमाशंकर तिवारी ने बताया, "मध्य प्रदेश शासन में कार्यरत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को विगत 16 साल से 4000 रुपये त्योहार अग्रिम दिया जा रहा है, जिसकी वसूली 10 किस्तों में 6.50 प्रतिशत ब्याज के साथ की जाती है. अब लगातार त्यौहार आ रहे हैं. आने वाले त्यौहारों में हर परिवार में खर्चा बढ़ जाता है. लेकिन साल 2016 से सरकार ने कर्मचारियों के त्योहार अग्रिम की राशि नहीं बढ़ाई है."

तिवारी ने कहा कि "छत्तीसगढ़ राज्य के बराबर त्योहार अग्रिम देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखा है." तिवारी का कहना है कि "इस वृद्धि से सरकार पर भी अतिरिक्त भार नहीं आएगा, क्योंकि यह पैसा कर्मचारी ब्याज सहित सरकार को वापस करते हैं."