गिरिडीहः लोकास्था का महापर्व भोक्ता पर्व गिरिडीह और बोकारो के कई गांव में मनाया गया. डुमरी विधानसभा क्षेत्र के चपरी (बोकारो जिला) में भी यह पर्व आस्था के साथ मनाया गया. यहां झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रमुख सह डुमरी से विधायक जयराम महतो भी शामिल हुए. जयराम ने यहां झूलन के रिवाज को भी पूरा किया. वे कई फीट ऊंचाई पर बनाये गए झूला में झूले भी और लोगों के ऊपर पुष्प की वर्षा भी की. इस दौरान लोक कल्याण की कामना भी विधायक ने की.
यहां बता दें कि बिशुवा, भोक्ता, भक्ता, मंडा, चड़क के नामों से जाने जाने वाले इस महापर्व के प्रति स्थानीय लोगों की गहरी आस्था है. यह पर्व देवों के देव महादेव को प्रसन्न करने के लिए मनाया जाता है. इस पर्व में शारीरिक यातना सहकर लोग भोलेनाथ को प्रसन्न करने में जुटे रहते हैं. तीन दिवसीय इस पर्व में महिला-पुरुष सभी जुटे रहते हैं. इस पर्व में कई लोग पीठ पर कील चुभोकर खम्भे के सहारे झूलते हैं. इसके अलावा दहकते अंगारे पर खाली पैर चलकर भी भोलेनाथ को प्रसन्न किया जाता है. यह परम्परा सदियों से चली आ रही है.
गिरिडीह में भी रही धूम
तीनों दिनों तक चलने वाले इस पर्व की धूम गिरिडीह और डुमरी विधानसभा में देखा गया. गिरिडीह के पीरटांड प्रखंड के कुड़को, पर्वतपुर एवं राजो माधोपुर में भी इस पर्व की धूम रही. इस दौरान इन स्थानों पर मेला का भी आयोजन किया गया. इस दौरान शिव मंदिर में भी लोगों की भीड़ उमड़ी रही. शिव भक्ति में लीन रही महिलाएं पुरुष वर्ग की कुशलता की भी कामना करती दिखी. जेएलकेएम नेता सुरेन्द्र महतो ने बताया कि भोक्ता पर्व को लेकर तीन दिनों तक उत्सव का माहौल रहा. चपरी में विधायक जयराम कुमार महतो भी शामिल हुए.
भगता परब की शुभकामनाएं
— Tiger jairam mahto (@JairamTiger) April 13, 2025
जोहार बुढ़ा बाबा जोहार माहामांय 🙏@JLKMJHARKHAND pic.twitter.com/1Vw44Al7rE
इसे भी पढ़ें- आस्था और विश्वास का प्रतीक चड़क पूजा, भोक्ता भक्तों शरीर में लोहे की कील चुभो कर भगवान भोलेनाथ की करते हैं भक्ति - Chadak Puja
इसे भी पढ़ें- हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया भोक्ता पर्व, श्रद्धालुओं ने दिखाए एक से एक हैरतअंगेज करतब - Bokaro Bhokta festival