मैथन डैम और पंचेत डैम का जल्द होगा कायाकल्प, टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कई कदम: अरूप चटर्जी
धनबाद के प्रमुख पर्यटन स्थल मैथन डैम और पंचेत डैम का कायाकल्प होने वाला है. इसे लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई है.

Published : June 3, 2025 at 5:59 PM IST
धनबाद: जिले के मैथन डैम और पंचेत डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. जल्द ही दोनों डैम में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे. मंगलवार को मैथन चेयरमैन गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. जिसमें निरसा से भाकपा माले के विधायक अरूप चटर्जी, जिला पर्यटन विभाग के पदाधिकारी, एग्यारकुंड अंचल के सीओ और डीवीसी पर्यटन एजेंसी के पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे.घंटों चली बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए.
मैथन और पंचेत डैम को संवारा जाएगाः अरूप चटर्जी
विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि यह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है, क्योंकि उनके विधानसभा क्षेत्र में मैथन और पंचेत डैम जैसी दो बड़ी जलप्रणाली हैं, जो पर्यटन का केंद्र भी हैं. यहां हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं और इन खूबसूरत वादियों की यादें अपने साथ ले जाते हैं. इन दोनों डैमों को और बेहतर तरीके से सजाने और संवारने के लिए यह अहम बैठक की गई.
बैठक में निम्नलिखित निर्णय लिए गए
- .मैथन, गोगना के स्पोर्ट्स हॉस्टल की ओर बोटिंग एक्टिविटी को फिर से शुरू किया जाएगा.
- वर्षों से बंद पड़े स्पोर्ट्स हॉस्टल को पुनः चालू कराया जाएगा.
- मैथन और पंचेत डैम को लाइटों से सजाया जाएगा.
- मैथन डैम में जो भी छोटे-छोटे आइलैंड हैं, उन्हें सजाया और संवारा जाए.
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि अगर ये सभी कार्य पूरे हो जाते हैं तो इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही झारखंड सरकार को अच्छा राजस्व भी मिलेगा. स्थानीय 10 हजार बेरोजगार युवकों को रोजगार भी मिलेगा. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सारा काम जल्द ही धरातल पर दिखेगा.
ये भी पढ़ें-
धनबाद का मैथन डैम सैलानियों से गुलजार, यहां की प्राकृतिक छटा लोगों को कर रही आकर्षित
ग्रामीणों ने किया थाना का घेराव, पंचेत डैम जलाशय में महीन जाल से मछली मारने का विरोध
प्रकृति की मनोरम वादियों के बीच बसा है तालबेड़िया गांव, सैलानियों के लिए नहीं है कोई सुविधा

