गार्ड को बंधक बनाकर ATM उखाड़ ले गए बदमाश, इलाके में हड़कंप
गांधीनगर इलाके में बदमाशों ने एक एटीएम मशीन ही उखाड़ कर ले गए. एटीएम में 16 लाख रुपये थे.

Published : September 12, 2025 at 12:06 PM IST
|Updated : September 12, 2025 at 12:20 PM IST
अजमेर : शहर में फिर अपराधियों के हौसले बुलंद दिखे. जिले के मार्बल सिटी किशनगढ़ में बदमाशों ने ATM लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. 16 लाख रु से ज्यादा नगदी भरे ATM की मशीन को बदमाश उखाड़ ले गए. शुक्रवार को देर रात मार्बल सिटी के गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर हड़कंप मच गया जब ATM मशीन लूट की घटना सामने आई.
गांधीनगर थाना प्रभारी संजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना करीब रात्रि 2:55 पर हुई. गार्ड को बंधक बनाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया. बैंक प्रबंधन की जानकारी दी की एटीएम में करीब 16,47000 कैश थे. घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी ग्रामीण दीपक शर्मा CO सिटी आईपीएस अजेय सिंह राठौड़ सहित पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस की टीमे इलाके में जगह-जगह नाकाबंदी लगाकर अपराधियों की धर पकड़ की कोशिश कर रही है.
इसे भी पढ़ें: डुप्लीकेट चाबी से एटीएम से निकालते थे पैसे, यूट्यूब से सीखा तरीका, रंगे हाथों पकड़ा
गांधीनगर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा स्कूल के सामने स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम बूथ को देर रात 2:55 बजे नकाबपोश लुटेरों ने निशाना बनाया. बदमाशों ने गार्ड बालकिशन शर्मा को बंधक बनाकर इस घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने गार्ड के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर स्प्रे का छिड़काव किया, जिसके बाद वे एटीएम मशीन को उखाड़ ले गए. बताया जा रहा है कि काले रंग की स्कॉर्पियो में आए बदमाशो ने करीब 16 लाख 47 हजार रुपये की नगदी से भरे एटीएम को चंद मिनटों में उखाड़कर फरार हो गए.
लूट की सूचना मिलते ही गांधीनगर थानाधिकारी और पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है. FSL की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके.

