हरिद्वार: होटल कारोबारी की बेटी को बंधक बनाकर घर में बड़ी लूट, 20 तोले के जेवर, नकदी और कार ले उड़े बदमाश
हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है. शहर में बदमाशों ने दिनदहाड़े होटल कारोबारी की बेटी को बंधक बनाकर घर में लूट की है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 26, 2025 at 3:00 PM IST
|Updated : August 26, 2025 at 3:11 PM IST
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में तीन हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया. मामला रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवालिक नगर का है. बदमाशों ने दिनदहाड़े असलहे की नोक पर होटल कारोबारी की बेटी को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है.
कारोबारी की कार लेकर भागे बदमाश: बदमाश होटल कारोबारी की कार भी अपने साथ ले गए थे. बदमाशों ने कार को हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर छोड़ दिया. वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस भी होटल कारोबारी के घर पहुंची और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकाबंदी की. लेकिन पुलिस को बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा. हालांकि, पुलिस की अलग-अलग टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं.
सुबह 11 बजे की घटना: वारदात मंगलवार 26 अगस्त सुबह करीब 11 बजे की है. बताया जा रहा है कि शिवालिक नगर के टी कलस्टर स्थित एक मकान में होटल कारोबारी चौधरी गुलवीर सिंह रहते हैं. रोजाना की तरह वो सामने पार्क में टहल रहे थे. उनकी बेटी घर पर अकेले मौजूद थी. इसी दौरान तीन लोग अचानक घर में घुसे. इसमें से एक बदमाश ने हेलमेट पहना हुआ था, दूसरे ने चेहरे पर कपड़ा लपेटा था और तीसरे ने मास्क पहना था. तीनों असलहे की नोक पर गुलवीर सिंह की बेटी को आतंकित कर कमरे में अंदर ले गए. फिर उसको बाथरूम में बंद कर दिया.
कार को बदमाशों ने हरिद्वार-दिल्ली हाईवे छोड़ा: इसके बाद तीनों बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला. बदमाश घर से 10-15 हजार रुपए की नकदी, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, जेवरात और कार लेकर फरार हो गए. आरोपी सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए. पिता गुलवीर सिंह के लौटने पर बेटी ने पूरी आपबीती बताई. इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई. लूट की खबर मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया. तुरंत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. होटल कारोबारी की कार को बदमाशों ने हरिद्वार-दिल्ली हाईवे छोड़ दिया.
बदमाश उनके घर से करीब 10-15 हजार कैश, सोने के जेवरात (20 तोले) और रिवॉल्वर की कार्टेज ले गए हैं. उनकी कार भी चुराकर ले गए थे. हालांकि, कार को पथरी पावर हाउस के पास छोड़ दिया था. तुषार ने बताया कि जाते समय आरोपी खुद को सुनील राठी गैंग का बता रहे थे.
- तुषार चौधरी, गुलवीर सिंह के बेटे -
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी: ज्यादा जानकारी देते हुए हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
पढ़ें---

