ETV Bharat / state

चलती पैसेंजर ट्रेन में खूब चले लाठी डंडे, ट्रेन की बोगी से प्लेटफार्म तक दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

शीसो स्टेशन पर ट्रेन में उपद्रवियों ने यात्रियों संग मारपीट की. इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. यात्रियों में दहशत है, पढ़ें-

ETV Bharat
ट्रेन से प्लेटफॉर्म तक मारपीट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 26, 2025 at 11:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

दरभंगा : बिहार के दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड के शीसो स्टेशन पर दरभंगा-पाटलिपुत्र पैसेंजर ट्रेन (नं. 63265) में उपद्रवी युवकों द्वारा मारपीट का लाइव वीडियो सामने आया है. वीडियो में कुछ युवक बेल्ट, लाठी और डंडों से यात्रियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं. इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई है, खासकर छात्रों और रोजाना यात्रा करने वालों में भय का माहौल है.

रोजाना छिनतई और मारपीट की घटनाएं : स्थानीय यात्रियों ने बताया कि "'कुछ युवक रोजाना इस ट्रेन में चढ़कर यात्रियों से मोबाइल और पैसे छीनते हैं. विरोध करने पर मारपीट करते हैं. शनिवार को भी ऐसे ही कुछ युवकों ने हमला किया, जिससे कई यात्री घायल हो गए. एक पीड़ित छात्र ने बताया कि वह रोज पढ़ाई के लिए दरभंगा जाता है और शीसो स्टेशन पर पंद्रह-बीस युवक रहते हैं जो हर दिन मारपीट और छिनतई करते हैं.''

ETV Bharat
ट्रेन के अंदर पीटते हमलावर लड़के (ETV Bharat)

स्टेशन मास्टर पर लापरवाही का आरोप : यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन मास्टर की मौजूदगी के बावजूद इन घटनाओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती है. उपद्रवियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है क्योंकि उन्हें किसी सजा या रोक का डर नहीं है. पीड़ित छात्र ने बताया कि वह सभी आरोपियों को पहचानता है, उन्होंने बताया कि वह मामले में लिखित आवेदन भी देंगे.

मारपीट में कई यात्री घायल : घटना के दौरान कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं. पीड़ित छात्र ने बताया कि उसे भी मारपीट में चोट लगी है. उसके साथ कई अन्य यात्रियों को भी चोट पहुंची है. उसने प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है. साथ ही कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाया गया तो भविष्य में और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं.

रोजाना हो रही घटनाओं से यात्री डरे : स्थानीय यात्रियों और छात्रों का कहना है कि ट्रेन में यात्रा करना अब असुरक्षित हो गया है. प्रतिदिन हो रही घटनाओं से लोग मानसिक रूप से परेशान हैं. खासकर वे छात्र जो पढ़ाई के लिए रोज यात्रा करते हैं, उनमें भय का माहौल है. इसके चलते कई लोग ट्रेन से सफर करने से कतराने लगे हैं.

पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच जारी : वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद सीतामढ़ी आरपीएफ थानाध्यक्ष अभय कुमार ने कहा कि ''वीडियो की जांच की जा रही है. जो भी व्यक्ति इस घटना में शामिल होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों में पुलिस को तुरंत सूचना दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.''

ये भी पढ़ें-