मंत्री के साथ गिरिडीह के वाटरफॉल खंडोली पहुंचीं मुख्य सचिव, कहा- इको टूरिज्म की असीम संभावना
सूबे की मुख्य सचिव दो दिनों के गिरिडीह दौरे पर हैं. इस दौरान मंत्री के साथ वे प्रमुख पर्यटन स्थल भी गईं.

Published : June 30, 2025 at 3:42 PM IST
गिरिडीहः जिला पर्यटन की असीम संभावनाएं के बीच मंत्री सुदिव्य कुमार के साथ मुख्य सचिव अलका तिवारी उसरी वाटरफॉल और खंडोली जलाशय पहुंचीं. यहां मंत्री और मुख्य सचिव ने दोनों स्थलों का निरीक्षण किया.
गिरिडीह जिला में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दोनों प्रमुख स्थलों पर पहुंचे उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि जिला के दो प्रमुख स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में और बेहतर और विकसित करने को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के द्वारा सभी तैयारियां सुनिश्चित कराई जा रही हैं. साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का भी प्रयास किया जा रहा है. जिससे यहां के स्थानीय को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो और पर्यटन को बढ़ावा मिले.
उन्होंने कहा कि खंडोली डैम और वाटरफॉल के विकास पर चर्चा की गई. साथ ही इको-टूरिज्म को विकसित करने पर भी विचार किया गया. खंडोली डैम के आसपास के क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सौंदर्यकरण पर जोर दिया गया. खंडोली डैम में आने वाली विदेशी पक्षियों के लिए रहने की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाएगी. साथ ही साथ वन विभाग के द्वारा खंडोली डैम के उत्तर किनारे पौधारोपण का कार्य किया जाएगा. मंत्री ने कहा कि उसरी वाटर फॉल और खंडोली डैम पर्यटन स्थलों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी संबंधित विभाग, कार्यकारी एजेंसी आपसी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाएं.
पर्यटन के क्षेत्र में बेहतरी का प्रयास
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव अलका तिवारी ने कहा कि गिरिडीह जिले में पर्यटन के बहुत संभावनाएं हैं. जिसे राज्य सरकार द्वारा विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है. उन्होंने उसरी वाटर फॉल में इको-टूरिज्म को विकसित करने पर जोर दिया. कहा कि मंत्री के सहयोग से पर्यटन के क्षेत्र में काफी बेहतरी करने का प्रयास किया जा रहा है.

पर्यटन स्थलों के विकास से यहां पर पर्यटकों में होगी बढ़ोतरी
डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों को विकसित करने के दिशा में प्रयासरत है. जिले के पर्यटन स्थलों के विकास से यहां पर पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा. खंडोली डैम के चारों तरफ कनेक्टिविटी पर काम किया जाएगा. डैम के चारों तरफ पर्यटक घुमकर प्राकृतिक घटा का आंनद उठा सके इसके लिए पहुंच पथ का निर्माण कराया जाएगा.

डैम के नीचे नदी पर पुल का निर्माण कराया जाएगा ताकि पर्यटकों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. साथ ही पर्यटक नदी के इस पार से उस पर का आनंद उठा सके. इसके अलावे मधवाडीह से खंडोली मोड़ को जोड़ने वाली बाईपास पथ का भी निर्माण कराया जाएगा और बरियारपुर तक कॉरिडोर बनाया जाएगा. साथ ही पर्यटकों के लिए इसे और भी आकर्षक बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा.

ये थे मौजूद
इस दौरान एसपी डॉ. बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता विजय सिंह बीरूआ, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत विस्पुते के अलावा कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढे़ं- प्रकृति की गोद में है गढ़वा का खजूरी जलाशय, पर्यटन की है अपार संभावना
इसे भी पढे़ं- नेतरहाट की खूबसूरती को देखकर गदगद हुए राज्यपाल, कहा नेतरहाट में पर्यटन की असीम संभावनाएं
इसे भी पढे़ं- मैथन डैम और पंचेत डैम का जल्द होगा कायाकल्प, टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कई कदम: अरूप चटर्जी

