'बिहार में जो बुलेट चलाएगा, वो बुलेट खाएगा' NDA सरकार का अपराधियों को दो टूक
बिहार में बढ़ती हत्याओं पर सियासी बहस शुरू है. विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किया तो मंत्री बोले–''जो बुलेट चलाएगा, वो बुलेट खाएगा''

Published : July 14, 2025 at 6:42 PM IST
कैमूर: बिहार में लगातार हो रही हत्या के चलते सूबे की कानून-व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में खड़ी है. अपराध की इन घटनाओं से आम जनता में डर का माहौल है और सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं. हत्या, लूट और अपहरण की वारदातें जिस रफ्तार से सामने आ रही हैं, उससे यह स्पष्ट है कि अपराधियों में अब कानून का कोई खौफ नहीं बचा है.
कैमूर पहुंचे मंत्री ने दिया सख्त संदेश : इन्हीं घटनाओं के बीच बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह कैमूर पहुंचे जहां उन्होंने मीडिया से बात की. उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, "जो बुलेट चलाएगा, वह बुलेट खाएगा." मंत्री ने स्पष्ट किया कि एनडीए की सरकार में कोई भी अपराधी नहीं बख्शा जाएगा.
''बिहार में अब कानून का राज है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. आज के बिहार में न तो कुख्यात अपराधी खुले घूम रहे हैं और न ही कोई राजनीतिक संरक्षण उन्हें मिल रहा है.''- संतोष कुमार सिंह, श्रम संसाधन मंत्री, बिहार
मतदाता पुनरीक्षण पर विपक्ष को घेरा : मंत्री संतोष सिंह ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे मतदाता पुनरीक्षण का विरोध कर जनता को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया सिर्फ यह जानने के लिए हो रही है कि बिहार के कितने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं. लेकिन विपक्षी दल इसे एक राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं.
''अगर आप बिहारी हैं, तो आपके पास राशन कार्ड, बिजली बिल और पहचान के वैध दस्तावेज होना चाहिए. इसमें कोई बड़ी बात नहीं है. सरकार यह सब सुविधा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है.''- संतोष कुमार सिंह, श्रम संसाधन मंत्री, बिहार
लालू यादव पर सीधा हमला : मंत्री ने लालू यादव और उनके परिवार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लालू यादव का परिवार बिहार के विकास को पचा नहीं पा रहा है. इसलिए एनडीए सरकार में झूठे आरोप लगाकर जनता को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं.
''लालू राज में लोग शाम होते ही घर से बाहर निकलने से डरते थे. लेकिन आज एनडीए की सरकार में अपराधी या तो खामोश हैं या मारे जा चुके हैं.''- संतोष कुमार सिंह, श्रम संसाधन मंत्री, बिहार
विकास या डर का माहौल? : हालांकि सरकार विकास और सुशासन का दावा कर रही है, लेकिन जमीन पर अपराध की घटनाएं लोगों को डरा रही हैं. लगातार हो रही हत्याओं ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या बिहार एक बार फिर पुराने दौर की ओर लौट रहा है.
ये भी पढ़ें-

