चाहे जितनी भी यात्रा कर लें, 'ना राहुल PM बनेंगे और ना तेजस्वी CM',नित्यानंद राय की भविष्यवाणी
चनपटिया में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में नित्यानंद राय ने कहा राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे, तेजस्वी यादव भी कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे. पढ़ें खबर

Published : August 25, 2025 at 7:44 PM IST
बेतिया: बिहार के बेतिया के चनपटिया विधानसभा क्षेत्र में आज एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन के बाद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखे हमले किए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी तेजस्वी को ठग रहे हैं, क्योंकि न तो राहुल प्रधानमंत्री बनने वाले हैं और न ही तेजस्वी मुख्यमंत्री बन सकते हैं.
बिहार की जनता इन दोनों को नकार चुकी है: नित्यानंद राय ने दावा किया कि चाहे राहुल और तेजस्वी जितनी भी यात्राएं करें, बिहार की जनता अब इनके बहकावे में नहीं आने वाली. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने इन नेताओं की असलियत पहचान ली है और इन्हें पूरी तरह दरकिनार कर दिया है.
फर्जी मतदाता हटाने की कार्रवाई का स्वागत: उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने की मुहिम का समर्थन करते हुए कहा कि इससे बिहार के युवाओं को राहत मिलेगी. फर्जी वोटर नौकरियों पर कब्जा कर लेते थे, जिससे असली हकदारों को नुकसान होता था.
'कांग्रेस-राजद ने युवाओं का हक छीना': उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी मतदाताओं को कांग्रेस और राजद का संरक्षण प्राप्त था. उन्होंने कहा कि इन पार्टियों की मिलीभगत से ही नौजवानों का रोजगार छीना गया और उनका हक मारा गया.

महागठबंधन में घमासान का दावा: नित्यानंद राय ने कहा कि महागठबंधन अंदर से बिखरा हुआ है. तेजस्वी यादव पद की लालसा में राहुल गांधी की शरण में चले गए हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री न बनने की आशंका से तेजस्वी बेचैन हैं और यही वजह है कि वह हर हाल में सत्ता में आना चाहते हैं.
दुनिया का सारा पाप उठाने निकले तेजस्वी: तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए राय ने कहा कि अगर वह मुख्यमंत्री नहीं बने, तो ऐसा लगता है जैसे उनके ऊपर दुनिया का सारा दुख आ जाएगा. उन्होंने कहा कि पद के प्रति तेजस्वी की लालसा उन्हें पथभ्रष्ट कर रही है.

"राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनना और तेजस्वी यादव का मुख्यमंत्री बनना केवल भ्रम है. बिहार की जनता ने ठान लिया है कि वह अब ठगने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताएगी." -नित्यानंद राय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री

ये लोग हुए शामिल: इस बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन, सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर और स्थानीय विधायक उमाकांत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया.
ये भी पढ़ें

