ETV Bharat / state

देवघर में मंत्री इरफान अंसारी ने सांसद निशिकांत मामले में ली चुटकी, SIR पर कह दी बड़ी बात

देवघर में मंत्री इरफान अंसारी ने सांसद निशिकांत दुबे के मामले में बयान दिया है. साथ ही SIR पर भी बड़ी बात कही है.

Irfan Ansari On Nishikant Dubey
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 10, 2025 at 6:26 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देवघर: सांसद निशिकांत दुबे के द्वारा थाने में पहुंचकर गिरफ्तारी देने की घटना पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बयान दिया है. मंत्री ने कहा है कि मीडिया में छाए रहने के लिए सांसद निशिकांत दुबे इस तरह का काम करते रहते हैं.

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सांसद निशिकांत दुबे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह बड़े नेता हैं और उन्हें यह पता है कि किस मामले में उनकी गिरफ्तारी होगी और किसमें नहीं होगी. बाबा मंदिर थाना में आकर गिरफ्तारी देने के मामले पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि निशिकांत दुबे को पहले से ही पता था कि यह बेलेबल सेक्शन है इसलिए वह मीडिया में छाने के लिए इस तरह गिरफ्तारी देने थाना पहुंचे थे.

देवघर में बयान देते मंत्री इरफान अंसारी. (वीडियो-ईटीवी भारत)

बिहार चुनाव और एसआईआर पर दिया बयान

वहीं बिहार विधानसभा चुनाव और एसआईआर पर भी मंत्री इरफान अंसारी ने बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी हवा की तरह उड़ जाएगी. उन्होंने कहा कि बिहार में जो वोटर वेरीफिकेशन हो रहा है, उसके माध्यम से वैसे वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं जो कांग्रेस के पारंपरिक वोटर हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बिहार दौरा होने वाला है और उसके बाद कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की जीत का पूरे बिहार में परचम लहराएगा.

भाजपा पर निशाना साधते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में चुनाव से पहले बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा लाया गया था. जिसका जवाब जनता ने दे दिया है. उसी प्रकार बिहार में भी चुनाव से पहले एसआईआर का मुद्दा लाया गया है. इस पर भी जनता भाजपा और नीतीश कुमार को करारा जवाब देगी.

बिहार में इंडिया गठबंधन की जीत का दावा

साथ ही स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बिहार चुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत का दावा करते हुए कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है. सरकार आने के बाद वैसे लोगों को संरक्षित किया जाएगा जिनके ऊपर आज झूठा आरोप लगाकर उनकी नागरिकता पर सवाल उठाए जा रहे हैं. उन सभी प्रक्रियाओं को बंद कराया जाएगा. आपको बता दें कि मंत्री इरफान अंसारी पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देवघर पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर बयान दिया.

थाने में गिरफ्तारी देने पहुंचे थे सांसद

गौरतलब हो कि पिछले दिनों सांसद निशिकांत दुबे दिल्ली से देवघर के मंदिर थाना पहुंचे थे, जहां पर उन्होंने एक स्थानीय पंडा की शिकायत पर नाराजगी जाहिर की थी. उन्होंने शिकायतकर्ता पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके ऊपर गलत मंशा से शिकायत की गई है. उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई पर भी सवाल उठाया था. शिकायत के बाद सांसद निशिकांत दुबे गिरफ्तारी देने के लिए थाना आए थे, लेकिन कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया.

वहीं पूरे मामले पर भाजपा कार्यकर्ता और नेता सांसद निशिकांत दुबे का समर्थन कर रहे हैं. वहीं दूसरी ओर झारखंड के सत्तारूढ़ दलों के नेता निशिकांत दुबे को गलत बता रहे हैं. मालूम हो कि सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी और उनके समर्थकों पर यह आरोप लगाया गया है कि वह 2 अगस्त को जबरदस्ती बाबा मंदिर के निकास द्वार से गर्भ गृह में प्रवेश कर गए थे.

ये भी पढ़ें-

एफआईआर दर्ज होने के बाद थाना पहुंचे सांसद निशिकांत दुबे, कहा- द्वेष की भावना से सरकार कर रही है कार्रवाई

देवघर में निशिकांत दुबे पर एफआईआर, गोड्डा सांसद ने शिकायतकर्ता पर बोला हमला

सांसद निशिकांत दुबे ने SIR को बताया जरूरी, कहा- कांग्रेस सरकार ही लेकर आई थी ये कानून