मंत्री इरफान अंसारी के विवादित बोल, अटल मोहल्ला क्लीनिक को लेकर किए सवाल
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा नेताओं के खिलाफ विवादित बोल बोले हैं.

Published : August 28, 2025 at 1:48 PM IST
रांची: झारखंड के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा नेताओं को लेकर विवादित बोल बोले हैं. उन्होंने कहा कि हमें समझ में नहीं आता. मैंने कल नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को समझाया कि जब दिल्ली में अटल मोहल्ला क्लीनिक बंद है, तो भाजपा यहां हंगामा क्यों कर रही है. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा को दिल्ली में अटल मोहल्ला क्लीनिक खोलना चाहिए.
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जिस योजना को भाजपा ने बंद कर दिया है, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मैंने बड़ा दिल दिखाते हुए उस योजना को राज्य में जारी रखने का फैसला किया है ताकि राज्य के गरीबों को उनके इलाके में ही गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके. उन्होंने कहा कि हमने बंद योजना की जगह मदर टेरेसा के नाम पर नई व्यवस्था शुरू की है, तो भाजपा नेताओं को क्या दिक्कत हो रही है, यह समझ से परे है.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि हम और हमारे समर्थक सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय नहीं हैं. जब भी हम अपनी बात सोशल मीडिया पर रखते हैं, भाजपा के लोग अनाप शनाप टिप्पणी और धमकियां देना शुरू करने लगते हैं. इरफान अंसारी ने कहा कि हम प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए काम कर रहे हैं, वहीं भाजपा के नेता इसमें खलल डाल कर रहे हैं.

