बची हुई महिलाओं को भी सरकार मंईयां योजना से लाभान्वित करने का करेगी काम: दीपिका पांडेय सिंह
पाकुड़ में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा सभी बहन-बेटियों को मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिलेगा क्योंकि हेमंत सरकार सबका ध्यान रख रही है.

Published : August 14, 2025 at 8:12 PM IST
पाकुड़: झारखंड में रह रहे सभी वर्गों के हितों का ख्याल हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार रख रही है. राज्य की जिन बहन-बेटियों को मंईयां सम्मान योजना का लाभ अब तक किसी कारण वश नहीं मिल पाया है, उसे इस योजना के दायरे में लाया जाएगा और लाभान्वित करने का काम किया जाएगा. यह कहना है झारखंड राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का.
पाकुड़ जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद कर रही थीं. इस दौरान कई महिला कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण इलाको में मंईयां सम्मान योजना के बारे में प्रकाश डाला तथा इस योजना से वंचित बहन-बेटियों द्वारा योजना से लाभ लेने के लिए हो रही परेशानियों के बारे में अवगत कराया.
कार्यकर्ताओं से संवाद करने के उपरांत ग्रामीण विकास मंत्री मीडिया कर्मियों से मुखातिब हुईं और उन्होंने हेमंत सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा. उन्होंने इस दौरान मीडिया कर्मियों से कहा कि राज्य की बहन-बेटियां जिन्हें अब तक मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें इस योजना से लाभान्वित करने का काम किया जाएगा.
संवाददाता सम्मेलन के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि अबुआ आवास योजना के लाभुकों को भी घबराने की जरूरत नहीं है. उनके आवास पूरे हों और वे पक्के मकान में परिवार के साथ खुशहाल रहें इसके लिए राशि की कमी आड़े नहीं आएगी. साहिबगंज गोविंदपुर हाइवे की जर्जर स्थिति के मामले को लेकर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सड़क मार्ग से मैं पहली बार आयी हूं और हमने भी दिक्कत को महसूस किया है. मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को सड़क दुरूस्त करने के लिए निर्देशित किया जाएगा.
एसआईआर के मामले में ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर इंडिया गठबंधन और खासकर हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता पुरजोर तरीके से उठाने का काम कर रहे हैं ताकि मतदाताओं का अधिकार छीना नहीं जा सके.
उन्होंने कहा कि एसआईआर मामले में कांग्रेस ही नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन का स्टैंड क्लियर है और झारखंड में भी यदि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं को परेशान करने का काम हुआ तो विरोध तो होगा ही. उन्होंने कहा कि एसआईआर मामले में चुनाव आयोग कम भारतीय जनता पार्टी ज्यादा पक्ष रख रही है.
ये भी पढ़ें-
वोट अधिकार यात्रा को सफल बनाने में जुटी झारखंड कांग्रेस, एलईडी वैन बिहार के लिए किया रवाना
'सुना है आप जीवित नहीं हैं?' बिहार में 'मृत' घोषित किए गए मतदाताओं से मिले राहुल गांधी

