ETV Bharat / state

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवसः झारखंड राजभवन में राज्यपाल ने किया योगाभ्यास, सीएम ने दी शुभकामनाएं

रांची में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' पर जोर देते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हमारी संस्कृति है.

INTERNATIONAL YOGA DAY 2025
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्कूली बच्चों के साथ राज्यपाल (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 21, 2025 at 2:14 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' पर पूरा विश्व, योग के रंग से सराबोर है. भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने साल 2015 में 'योग' को मान्यता दी थी. तब से हर साल 21 जून को 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' के रूप में मनाया जाता है.

11 वर्षों के इस सफर में योग से जुड़ने वालों का कारवां बढ़ता जा रहा है. इस कड़ी में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने राजभवन के अधिकारियों और कर्मियों के साथ योगाभ्यास किया. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट साझा कर योग दिवस की सबको शुभकामनाएं प्रेषित की हैं.

INTERNATIONAL YOGA DAY 2025
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगा करते लोग (Etv Bharat)

राज्यपाल और मुख्यमंत्री का संदेश

राजभवन के बिरसा मंडप में राज्यपाल संतोष गंगवार ने सामूहिक योगाभ्यास किया. इसमें स्कूली बच्चों को भी आमंत्रित किया गया. राज्यपाल ने कहा कि योग भारत की ओर से सम्पूर्ण विश्व को दिया गया एक अनुपम उपहार है. यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के सामंजस्य का विज्ञान है. योग जीवन को संतुलित करने की कला है और इसके अभ्यास से हम स्वस्थ शरीर, शांत चित्त और ऊर्जावान जीवन की ओर अग्रसर होते हैं.

INTERNATIONAL YOGA DAY 2025
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगा करते राज्यपाल और अन्य (Etv Bharat)

एकाग्रता, आत्मबल और अनुशासन का संगम है योग

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली और 21 जून को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी. यह भारत की सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है.

उन्होंने योगाभ्यास में शामिल स्कूली बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि योग बच्चों और युवाओं के लिए केवल स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि एकाग्रता, आत्मबल और अनुशासन का भी माध्यम है. उन्होंने राज्यवासियों से हर दिन योगाभ्यास करने और इसका प्रचार-प्रसार कर उन लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया है, जो अब तक इससे अछूते हैं.

इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कहा कि प्रकृति के साथ एकात्मता, संयम और सहजता, यही हमारी संस्कृति है और यही योग का वास्तविक स्वरूप भी है.

ये भी पढ़ें-

झारखंड में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवसः विभिन्न जिलों में योग शिविर का आयोजन, गणमान्यों सहित शहरवासियों ने किया योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025ः रांची में राजकीय कार्यक्रम में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री, लोगों के साथ किया योग

योग से बदलती जिंदगी: विश्व योग दिवस पर रांची के योगगुरु जगदीश सिंह की प्रेरणादायक कहानी