हल्द्वानी में अतिक्रमण पर फिर होगा एक्शन, रेलवे की जमीन कराई जाएगी खाली, प्रशासन ने की बैठक
हल्द्वानी और लालकुआं में रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर हुई बैठक

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 17, 2025 at 5:09 PM IST
|Updated : July 17, 2025 at 6:25 PM IST
हल्द्वानी: नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी और लालकुआं में रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए आज गुरुवार 17 जुलाई को प्रशासन स्तर पर बड़ी बैठक हुई. बैठक में जिला प्रशासन के अलावा रेलवे और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे. बैठक में रेलवे की जमीन पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित करने और उसे हटाने के निर्देश दिए गए हैं.
दरअसल, हल्द्वानी और उसके आसपास के इलाकों में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण हो रखा है. इस संबंध में रेलवे की तरफ ने नैनीताल जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया था. पत्र में रेलवे ने कई सालों से उनकी जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग की है. इसके बाद गुरुवार को हल्द्वानी तहसील में जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त रूप से बैठक हुई. बैठक में अतिक्रमण को चिन्हित कर उनको हटाने की कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं.
बताया जा रहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हल्द्वानी और लालकुआं रेलवे स्टेशनों का विस्तारीकरण होना है. इसी क्रम में हल्द्वानी और लालकुआं रेलवे स्टेशनों के आसपास फैले अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया अब तेज कर दी गई है, लेकिन इसमें सबसे बड़ी अड़चन रेलवे स्टेशन के पास सरकारी जमीन पर हो रखे अतिक्रमण से आ रही है. हालांकि अब रेलवे और जिला प्रशासन ने इस अतिक्रमण को हटाने का मन बना लिया है.
बैठक में निर्णय लिया गया कि रेलवे की भूमि पर किए गए अतिक्रमण की पहचान कर उन्हें हटाया जाएगा. बैठक के तुरंत बाद संयुक्त टीम ने हल्द्वानी और लालकुआं रेलवे स्टेशन क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. आज से ही अधिकारियों और कर्मचारियों ने अतिक्रमण को चिन्हित करने काम शुरू कर दिया है.
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर रेलवे और जिला प्रशासन के साथ-साथ वन विभाग के अलावा अन्य विभाग संयुक्त रूप से रेलवे अतिक्रमण भूमि को चिन्हित करेंगे. इसके बाद उनको नोटिस देने के बाद हटाने की कार्रवाई की जाएगी.

रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि पूर्व में कुछ जगहों पर नोटिस भी जारी किया गया है. उनको हटाने की कार्रवाई जल्द की जाएगी. अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि हल्द्वानी क्षेत्र में रेलवे अतिक्रमण का कुछ मामला न्यायालय में चल रहा है. जिसको चिन्हीकरण से अलग रखा गया है. रेलवे और राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया है कि अपनी-अपनी भूमि का मालिकाना हक दिखाएं.
स्थानीय प्रशासन की मानें तो जनहित और रेलवे की विकास योजनाओं को देखते हुए अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. ताकि किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो.
पढ़ें---

