'मेरे खिलाफ मकोका का केस नहीं बनता', जानिए नरेश बाल्यान ने हाईकोर्ट में ऐसा क्यों कहा ?
नरेश बाल्यान को वसूली मामले में 4 दिसंबर 2024 को जमानत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मकोका मामले में गिरफ्तार कर लिया था.

Published : August 7, 2025 at 7:53 PM IST
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी नेता नरेश बाल्यान ने मकोका मामले में दायर जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट से कहा कि उनके खिलाफ मकोका का मामला बनता ही नहीं. क्योंकि वो आपराधिक गतिविधियों में लगातार लिप्त नहीं रहे हैं. इसके बाद जस्टिस रविंद्र डूडेजा की बेंच ने मामले की अगली सुनवाई 10 सितंबर को करने का आदेश दे दिया.
सुनवाई के दौरान नरेश बाल्यान की ओर से पेश वकील एन हरिहरन ने कहा कि याचिकाकर्ता के खिलाफ मकोका चलाने के लिए पुख्ता साक्ष्य नहीं है. उन्होंने कहा कि नरेश बाल्यान का कपिल सांगवान और उसके गैंग से कोई संबंध नहीं है. इससे पहले, दिल्ली हाईकोर्ट ने 25 जून को नरेश बाल्यान की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था. बाल्यान ने इसके पहले भी हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन इस मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद जमानत याचिका हाईकोर्ट से वापस ले ली गई थी.
उसके बाद, बाल्यान ने राउज एवेन्यू कोर्ट में जमानत याचिका दायर किया था. तब कोर्ट ने 27 मई को बाल्यान की जमानत याचिका खारिज कर दिया था. उसके बाद बाल्यान ने फिर हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर किया है. नरेश बाल्यान फिलहान न्यायिक हिरासत में हैं. राउज एवेन्यू कोर्ट ने नरेश बाल्यान के अलावा जिन आरोपियों के खिलाफ दाखिल पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था, उनमें साहिल ऊर्फ पोली, विजय ऊर्फ कालू और ज्योति प्रकाश ऊर्फ बाबा शामिल हैं. कोर्ट ने इन आरोपियों के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के तहत संज्ञान लिया है.
बाल्यान की मकोका के मामले में गिरफ्तारी: वसूली मामले में 4 दिसंबर 2024 को नरेश बाल्यान को जमानत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मकोका के मामले में गिरफ्तार कर लिया था. दिल्ली पुलिस ने वसूली के मामले में नरेश बाल्यान को 30 नवंबर 2024 की रात में गिरफ्तार किया था. इससे पहले बीजेपी ने नरेश बाल्यान का एक ऑडिया क्लिप जारी किया था, जिसमें गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और बाल्यान के बीच बातचीत थी.
बाल्यान पर दिल्ली पुलिस का आरोप: दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का ये मामला 2023 का है. इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है, जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है. कपिल सांगवान पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में ही रह रहा है. कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं. कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है. कपिल सांगवान पर बल्लू पहलवान और बीजेपी नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है. नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था.
ये भी पढ़ें:

