ETV Bharat / state

पंचकूला मनसा देवी मंदिर नवरात्रि पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया, भक्तों का उमड़ा सैलाब

पंचकूला के माता मनसा देवी मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है. पूरा इलाका भक्तिमय हो चुका है.

SHARDIYA NAVRATRI 2025
माता मनसा देवी मंदिर (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : September 22, 2025 at 11:19 PM IST

|

Updated : September 22, 2025 at 11:34 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

पंचकूला: पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर परिसर आज 22 सितंबर को अश्विन नवरात्र मेले के लिए रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है. यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं. माता मनसा देवी बोर्ड द्वारा गर्भवती महिलाओं, दिव्यांग व बुजुर्गों के लिए 12 निशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करने में कोई असुविधा न हो. ये ई-रिक्शा सेवा पार्किंग एरिया से मंदिर तक और जटायु रूट से वीआईपी लिफ्ट तक दोनों रूट पर चलाई जाएगी.

मुख्यमंत्री ने पत्नी सहित किए दर्शन: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धर्मपत्नी सुमन सैनी सहित अश्विन नवरात्रि के प्रथम दिन आज माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेक पूजा अर्चना कर महामाया का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की. इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित यज्ञशाला पहुंचकर हवन यज्ञ में भाग लिया और आहुति डाली. इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राईन बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशा यादव ने मुख्यमंत्री को माता मनसा देवी का चित्र सम्मान स्वरूप भेंट किया.

मनसा देवी मंदिर (Etv Bharat)

5 निःशुल्क मिनी बस और 500 रुपये में दर्शन: हरियाणा रोडवेज द्वारा ट्रक और ट्रैक्टर ट्रालियों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्तिक विहार से लेकर मेला बस स्टैंड तक पांच निःशुल्क मिनी बस चलाई गई हैं. इसके अलावा जो श्रद्धालु कतार में खड़े होकर दर्शन करने में असमर्थ हैं, उनके लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था की गई है. ऐसे श्रद्धालु जटायु कार्यालय के समीप लगे काउंटर से 500 रुपये का टोकन लेकर अर्ध मंडप से माता के दर्शन कर सकते हैं.

SHARDIYA NAVRATRI 2025
माता मनसा देवी मंदिर के पास पूजन सामग्री की बिक्री (Etv Bharat)

100 रुपये में भी दर्शन की सुविधा: माता रानी के दर्शन के लिए सत्संग भवन के समीप गेट नंबर दो से भी 100 रुपये के टोकन से दर्शन की सुविधा दी गई है. ये सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध है. कोई भी श्रद्धालु माता मनसा देवी की वेबसाइट पर ऑनलाइन भुगतान कर टोकन प्राप्त कर सकता है.

SHARDIYA NAVRATRI 2025
माता मनसा देवी मंदिर के पास सजावट (Etv Bharat)

विशेष लाइटिंग और विभिन्न किस्म के फूल: माता मनसा देवी मंदिर परिसर में इस वर्ष लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे दर्शन के लिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में एक सुखद अनुभव होगा. इसके अलावा मंदिर परिसर को अधिक आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न किस्मों के फूल भी लगाए गए हैं. बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलाकारों द्वारा भजन गायन प्रस्तुत किए जाएंगे. ये भजन संध्या शाम 7 से 9 बजे तक त्रिकोणा पार्क में आयोजित की जा रही है. वहीं, मंदिर परिसर में पॉलीथिन के प्रयोग और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है.

SHARDIYA NAVRATRI 2025
देवी-देवताओं की मूर्तियों की बिक्री (Etv Bharat)

972 पुलिसकर्मियों की तैनाती: 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक लगने वाले माता मनसा देवी मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए पंचकूला पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां की हैं. पंचकूला सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचेंगे. इस कारण मेले में कुल 972 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें पंचकूला पुलिस के 542 जवान शामिल हैं. इनमें पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी तैनात की गई है. इसके अलावा अन्य जिलों जैसे पानीपत, सोनीपत और हिसार रेंज से आई पुलिस फोर्स और दुर्गा शक्ति फोर्स के 430 जवान भी इस दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगे. एसीपी स्तर के अधिकारी पूरे आयोजन पर निगरानी रखेंगे.

SHARDIYA NAVRATRI 2025
माता मनसा देवी मंदिर के पास मूर्तियों की बिक्री (Etv Bharat)

श्रद्धालुओं से शालीनता से पेश आए पुलिस: डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने ड्यूटी इंचार्ज अधिकारियों को मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से शालीनता से पेश आने और नम्रतापूर्वक व्यवहार रखने के निर्देश दिए हैं. किसी को मदद की आवश्यकता होने पर तुरंत सहायता करने को कहा गया है. सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं. इस दौरान सिविल कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेले के परिसर में अस्थाई नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है. इसके अलावा मेला परिसर और उसके आसपास 12 नाके लगाए हैं, जहां वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जाएगी.

SHARDIYA NAVRATRI 2025
माता मनसा देवी मंदिर में सजावट (Etv Bharat)

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैयारी: श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ईआरवी, पीसीआर और राइडर टीमें लगातार पेट्रोलिंग करेंगी. साथ ही दूरबीन, बॉडी कैमरा और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी. सभी क्राइम ब्रांच टीमें भी पूरी तरह से एक्टिव रहेंगी. डीसीपी के अनुसार न केवल माता मनसा देवी मंदिर बल्कि आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे- काली माता मंदिर कालका, माता शारदा मंदिर त्रिलोकपुर रायपुर रानी, चण्डी माता मंदिर और माता समलोठा देवी मंदिर मोरनी पर भी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं.

SHARDIYA NAVRATRI 2025
माता मनसा देवी मंदिर के पास प्रसाद की बिक्री (Etv Bharat)

जिला पुलिस की अपील: डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि मेले के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें. श्रद्धालु अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और अनावश्यक भीड़ भाड़ या भगदड़ की स्थिति पैदा न होने दें. यदि किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.

SHARDIYA NAVRATRI 2025
माता मनसा देवी मंदिर के पास प्रसाद की बिक्री (ETV Bharat)
SHARDIYA NAVRATRI 2025
मेले में खरीददारी करते भक्त (Etv Bharat)
ये भी पढ़ें-Shardiya Navratri 2025 : पंचकूला के माता मनसा देवी मंदिर में होगा नवरात्र मेला, किए गए ये ख़ास इंतज़ाम
Last Updated : September 22, 2025 at 11:34 PM IST