बिहार में सिरफिरे आशिक ने ममेरी बहन को उतारा मौत के घाट, नाबालिग ने शादी से किया था इनकार
बिहार के सिरफिरे आशिक ने ममेरी बहन को चाकू से गोदकर मार डाला है. नाबालिग लड़की ने शादी से इनकार किया तो आरोपी भड़क गया.

Published : October 9, 2025 at 9:22 AM IST
शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एकतरफा प्यार में पागल सिरफिरे आशिक ने अपनी ममेरी बहन को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया. यह वारदात बुधवार को एक बाजार में हुई, जहां आरोपी ने नाबालिग लड़की को अकेला देखकर उससे शादी की बात की. लड़की के इनकार करने पर उसने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए तेज धार वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया.
चाकू से किया कई बार हमला: स्थानीय लोगों ने घायल नाबालिग को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गहरे घावों के कारण उसने दम तोड़ दिया. मृतिका के शरीर पर चार से पांच गहरे चाकू के घाव पाए गए. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
नाबालिग ने शादी से किया इनकार: मृतिका की बहन ने बताया कि उनकी बहन एक बच्चे को गोद में लेकर घर से बाहर निकली थी, तभी आरोपी ने उसका पीछा किया और सीने में चाकू घोंप दिया. परिजनों के अनुसार, आरोपी पिछले एक साल से नाबालिग पर शादी का दबाव बना रहा था. पहले भी उसने शादी से इनकार करने पर लड़की पर चाकू से हमला किया था, लेकिन उस समय परिजनों ने मामला दर्ज नहीं कराया था.
"वह बच्चे को गोद में लेकर बाहर निकली थी, तभी आरोपी ने पीछा कर चाकू घोंप दिया. पिछले एक साल से वह शादी का दबाव बना रहा था."-मृतका के परिजन
पहले की घटना और कोलकाता का कनेक्शन: पिछली घटना के बाद मृतिका को सुरक्षा के लिए कोलकाता भेज दिया गया था, जहां से वह दो महीने पहले ही लौटी थी. परिजनों का कहना है कि आरोपी लगातार नाबालिग को परेशान कर रहा था, और इस बार उसने अपनी हरकत को अंजाम तक पहुंचा दिया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफितार: घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण: स्थानीय पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को तैनात किया है. शेखपुरा के एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है और लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
"प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला है. आरोपी को गिरफ्तार कर चाकू जब्त किया गया है. लिखित शिकायत पर कार्रवाई होगी."-डॉ. राकेश कुमार, एसडीपीओ, शेखपुरा
ये भी पढ़ें- बिहार में प्रेमी ने प्रेमिका को होटल के कमरे में किया Shoot, फिर खुद गोली मारकर की खुदकुशी

