भराड़ीसैंण विधानसभा के मॉनसून सत्र का पहला दिन, पेश किया गया 5,315 करोड़ का अनुपूरक बजट

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 19, 2025 at 11:26 AM IST
|Updated : August 19, 2025 at 4:32 PM IST
गैरसैंण, भराड़ीसैंण: उत्तराखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में शुरू हो गया है. विधानसभा के चार दिवसीय मॉनसून सत्र के हंगामेदार रहने की उम्मीद है. उत्तराखंड मानसून सत्र शुरू होते ही विपक्षी नेताओं का हंगामा शुरू हो गया. विपक्षी विधायक वेल तक पहुंचे. इसके साथ ही इन चार दिनों के लिए भराड़ीसैंण में धारा 163 लागू की गई है. इसका अर्थ ये हुआ कि 19 अगस्त से सत्र समाप्ति की तिथि 22 अगस्त शाम 5 बजे तक धारा 163 प्रभावी रहेगी. भराड़ीसैंण विधानसभा भवन से 5 किलोमीटर रेडियस में प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है.
LIVE FEED
पेश किया गया 5,315 करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट
सदन में पेश किया गया 5,315 करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में पेश किया बजट. विधानसभा के मॉनसून सत्र की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए हुई स्थगित

सीएम बोले- सदन में हंगामा विपक्ष की हताशा का परिचायक, हर जगह चुनावों में हार के बाद बनाता है बहाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्षी विधायकों द्वारा सदन में किए गए हंगामे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि विपक्ष विधानसभा, लोकसभा, निकाय चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव में मिली हार की खीझ सदन के कामकाज पर उतार रहा है. मंगलवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिन की कार्यवाही में जिस तरह से विपक्ष के विधायकों ने व्यवधान डाला वो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. सीएम ने कहा कि भराड़ीसैंण हम सबकी भावनाओं का केंद्र है, इसलिए सरकार ने मॉनसून के दौरान भी भराड़ीसैंण में सत्र आहूत करने का निर्णय लिया. तमाम विधायक और अधिकारी, सड़क मार्ग बंद होने की परेशानी उठाते हुए भी, यहां पहुंचे हैं. इसलिए सरकार चाहती है कि हर मुद्दे पर बहस हो, लेकिन विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर चर्चा की आड़ में खुद ही सदन के अंदर व्यवस्था तोड़ने का काम किया है. उन्होंने कहा कि विपक्ष पंचायत चुनावों में मिली हार की खीझ सदन के कामकाज पर उतार रहा है. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंचायत चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष हुए हैं, जहां कानून व्यवस्था संबंधित कुछ दिक्कतें आई, वहां सरकार ने तत्काल एक्शन भी लिया है. यदि चुनाव निष्पक्ष नहीं होते तो देहरादून और बाजपुर में कांग्रेस को जीत कैसे मिली. इसी तरह नैनीताल में भी अध्यक्ष भाजपा और उपाध्यक्ष कांग्रेस का जीता है. इससे साफ है कि चुनाव पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुए हैं. उन्होंने कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि, विपक्ष देशभर में जहां जहां चुनाव हारता है, वहां इसी तरह कभी ईवीएम, चुनाव आयोग, सरकार से लेकर प्रशासन पर अनाप शनाप आरोप लगाता है. इसी भावना के तहत विपक्ष ने मंगलवार को मेज तोड़ने के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष के सामने कागज के पुतले फेंकने का काम किया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. सीएम ने कहा कि सरकार मौजूदा सत्र में अनूपुरक बजट के साथ ही कई अहम विधेयक पेश करने जा रही है. सभी अल्पसंख्यक वर्गों के शिक्षण संस्थानों को लाभ देने के लिए सरकार उत्तराखंड अल्पसंख्यक शैक्षिक संस्थान विधेयक, 2025, ला रही है. इससे जहां अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधरेगी, वहीं कामकाज में भी पारदर्शिता आएगी. विपक्ष इस पर चर्चा में भाग लेकर अपने सुझाव दे सकता है, जिसे सरकार स्वीकार करने को तैयार है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई आपदा के दौरान भी सरकार ने ग्राउंड जीरो पर रहते हुए, राहत एवं बचाव अभियान चलाया. सरकार धराली सहित सभी क्षेत्रों के लिए राहत पैकेज की तैयारी कर रही है, लेकिन विपक्ष इस पर भी सिर्फ नकारात्मकता ही देख रहा है.
विपक्ष के हंगामे के चलते सदन 4:00 बजे तक के लिए स्थगित
गैरसैण, भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मानसून सत्र का पहला दिन. सदन की कार्रवाई दोपहर 3:00 हुई थी शुरू. विपक्ष ने जारी रखा अपना हंगामा. विपक्ष के हंगामे के बीच सदन में पेश किए गए विधेयक. लगातार विपक्ष के हंगामे के चलते सदन 4:00 बजे तक के लिए स्थगित.
सदन की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित
विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित
सीएम के माइक का कनेक्शन टूटा मिला
प्रश्न काल का समय समाप्त. हंगामे के बीच अब मुख्यमंत्री की एंट्री. सदन में पहुंचे मुख्यमंत्री. हंगामे के बीच अब नियम 300 की सूचनाओं पर चर्चा शुरू. कांग्रेस का सदन के अंदर कांग्रेस का हंगामा. मुख्यमंत्री और संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल के बीच चर्चा. संसदीय कार्यमंत्री ने कांग्रेस पर लगाया सदन के अपमान का आरोप. सुबोध उनियाल ने की विपक्ष के विधायकों को दिन भर की कार्यवाही से निलंबित करने की मांग. मुख्यमंत्री बोलने के लिए उठे लेकिन उनके माइक कनेक्शन टूटा हुआ है. मुख्यमंत्री को पहली बार इतिहास में दूसरी सीट पर जाकर बोलना पड़ रहा है. पूर्व विधायक मुन्नी देवी के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़ रहे हैं मुख्यमंत्री.
विपक्ष ने की नैनीताल DM, SSP की बर्खास्तगी की मांग
विपक्षी विधायकों ने सदन में फाड़े पर्चे. सदन एक बार फिर से स्थगित. विपक्ष के विधायकों की मांग, सदन में नेता प्रतिपक्ष को दिया जाए सम्मान. नैनीताल DM, SSP की बर्खास्तगी की मांग. सदन के अंदर गूंज रहे हैं नारे.
गैरसैण, भराड़ीसैंण मासूम सत्र का पहला दिन. सदन में एक बार फिर से हंगामा शुरू. विपक्ष के विधायकों ने एक माइक तोड़ा. सचिव का टेबल गिराया, टैबलेट तोड़ा गया. कई बार सदन स्थगित होने के बाद भी नहीं चल पाया सदन. सदन में स्पीकर और कांग्रेस के विधायकों के बीच तीखी बहस.
नियम 310 में कानून व्यवस्था पर चर्चा की मांग
सदन में कांग्रेस ने नहीं चलने दिया प्रश्न काल. नियम 310 में कानून व्यवस्था पर चर्चा की मांग. वेल में उतरे कांग्रेस के सभी विधायक. तीन बार बढ़ाया गया स्थगन का समय.
विपक्ष के हंगामे के कारण सदन 12:30 बजे तक स्थगित
सदन में कांग्रेस हंगामा, सदन 12:30 बजे तक स्थगित
आपदा और कानून के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा
उत्तराखंड के गैरसैंण, भराड़ीसैंण में स्थित विधानसभा भवन में आज मंगलवार 19 अगस्त से उत्तराखंड मॉनसून सत्र की शुरुआत हो गई है. सत्र शुरू होते ही विपक्ष ने आपदा और कानून के मुद्दे पर हंगामा करना शुरू कर दिया. विपक्षी विधायक वेल तक पहुंच गए.

