4 लाख रुपये लेवी के लिए माओवादियों ने मशीन और गाड़ियों में लगाई थी आग, चार नक्सल समर्थक गिरफ्तार
लातेहार में मशीन और गाड़ियों में आग लगाने की घटना में नक्सलियों का हाथ था. पुलिस की जांच में इस बात का खुलासा हुआ है.

Published : May 9, 2025 at 6:33 PM IST
लातेहारः जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरीसोत गांव के पास जंगल में बोरिंग मशीन और गाड़ियों में आग लगाए जाने की घटना का खुलासा लातेहार पुलिस ने कर दिया है. इस घटना को अंजाम नक्सलियों ने दिया था. पुलिस ने इस घटना में नक्सलियों को सहयोग करने वाले चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. लेवी नहीं मिलने पर घटना को अंजाम दिया गया था.
नक्सलियों ने फूंक दी थी 6 गाड़ी और 2 बोरिंग मशीन
दरअसल, 2 मई 2025 को चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरीसोत गांव के निकट जंगल में माओवादियों ने खनिज सर्वे कंपनी की 6 गाड़ियों समेत दो बोरिंग मशीन जला दी थी. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के बड़े अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था. इसके बाद मामले की छानबीन के लिए बालूमाथ डीएसपी विनोद रवानी, चंदवा थाना प्रभारी रणधीर कुमार, बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित की गई थी. लातेहार एसपी कुमार गौरव खुद भी मामले की अपने स्तर से बारीकी से छानबीन कर रहे थे.
नक्सली कमांडर मनोहर गंझू का नाम आया सामने
इस दौरान पुलिस को पता चला कि इस घटना को नक्सली कमांडर मनोहर गंझू के नेतृत्व में दिया गया था. घटना को अंजाम देने में चंदवा थाना क्षेत्र के रहने वाले चार लोगों ने नक्सलियों को पूरा सहयोग दिया था. सहयोगियों ने नक्सलियों को पुलिस की गतिविधि की भी जानकारी दी थी. इसके अलावा नक्सलियों के खाने-पीने और ठहरने की भी व्यवस्था सहयोगियों के द्वारा की गई थी. इस मामले में पुलिस ने नक्सलियों को सहयोग करने वाले अरुण गंझु, गोविंद गंझू, सतीश गंझू और राजकुमार भगत को गिरफ्तार कर लिया है.
4 लाख रुपये लेवी के लिए दिया घटना को अंजाम
इधर, इस संबंध में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि नक्सलियों ने सर्वे कंपनी से प्रति बोरिंग 2 लाख रुपये लेवी की मांग की थी. कंपनी के द्वारा दो बोरिंग मशीन लगाकर सर्वे का काम किया जा रहा था. इस प्रकार नक्सलियों ने चार लाख रुपये की मांग की थी. लेवी के लिए ही नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया था. एसपी ने बताया कि मामले में नक्सलियों को सहयोग करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जिनसे पूछताछ के दौरान यह पता चला कि गिरफ्तार लोगों के द्वारा नक्सलियों को इस घटना में पूरा सहयोग दिया गया था.
नक्सली और उनके सहयोगियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसपी कुमार गौरव ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी नक्सली बचे हुए हैं, वह आत्मसमर्पण कर दें. आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकारी प्रावधान के तहत सुविधा भी प्रदान की जाएगी. लेकिन जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं करेंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने कहा कि जो लोग नक्सलियों को प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से सहयोग करते हैं. उन लोगों के खिलाफ भी पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी.
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की है कि ग्रामीण किसी भी सूरत में नक्सलियों को सहयोग न दें. यदि नक्सली उनसे सहयोग मांगते हैं या उनके गांव में आते हैं तो इसकी सूचना पुलिस को दें. सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और नक्सलियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई भी की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
लातेहार आगजनी घटना का आईजी और डीआईजी ने लिया जायजा, नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान जारी
कौन दे रहा है लातेहार में हिंसक घटनाओं को अंजाम, पहेली बन गयी घटनाएं, डीआईजी ने दिए कड़े निर्देश
नक्सलियों ने लेवी के लिए की थी मुंशी की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार
लातेहार में नक्सल खौफ की वापसी, दहशत में कारोबारी से लेकर सरकारी कर्मचारी

