बिहार में 125 यूनिट ही नहीं पूरे घर की बिजली होगी फ्री, बस करना होगा ये काम..
बिहार में सरकार 125 यूनिट फ्री बिजली देने की योजना से आगे बढ़ने जा रही है. इसके लिए बस इस योजना पर अमल करना है-

Published : August 23, 2025 at 7:15 PM IST
खगड़िया : बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की बड़ी पहल हो रही है. 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने के बाद अब सरकार 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' को बढ़ावा दे रही है. इस योजना के तहत हर घर की छत पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है. आने वाले तीन साल में राज्य के सभी ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं को इस योजना से जोड़ने का प्रयास जारी है.
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को समझने के लिए ईटीवी संवाददाता ने खगड़िया जिले के विद्युत कार्यपालक अभियंता कुंदन कुमार से विस्तार से बातचीत की जिन्होंने इस योजना को लेकर सभी सवालों के जवाब आसान तरीके से दिए-
खगड़िया के विद्युत कार्यपालक अभियंता कुंदन कुमार से खास बातचीत का अंश-
सवाल : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना क्या है?
विद्युत कार्यपालक अभियंता का जवाब- यह एक सरकारी योजना है जिसका उद्देश्य भारत के हर घर को सौर ऊर्जा से मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है.
सवाल : इस योजना का लाभ कौन ले सकता है?
विद्युत कार्यपालक अभियंता का जवाब- परिवार का सदस्य जिसे भारतीय नागरिक होना चाहिए. उसके पास ऐसा मकान होना चाहिए जिसकी छत पर सोलर पैनल लगाने की सुविधा हो. बिजली का वैध कनेक्शन होना जरूरी है. साथ ही परिवार ने पहले सौर पैनल की सब्सिडी का लाभ पहले नहीं लिया हो.
सवाल : आवेदन कैसे करें?
विद्युत कार्यपालक अभियंता का जवाब- इस योजना का लाभ लेने के लिए 'सुविधा एप' का उपयोग किया जा सकता है. इसके अलावा गूगल पर जाकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर क्लिक करके लॉगिन कर आवेदन किया जा सकता है.
सवाल : किन दस्तावेजों की जरूरत होगी?
विद्युत कार्यपालक अभियंता का जवाब- इस योजना का लाभ लेने के लिए पहचान पत्र, बिजली बिल, छत के स्वामित्व का प्रमाण और आवासीय प्रमाण पत्र आवश्यक है.
सवाल : योजना का मुख्य फायदा क्या है?
विद्युत कार्यपालक अभियंता का जवाब- इस योजना के तहत कुल लागत का 40% सरकार सब्सिडी के रूप में उपभोक्ता के खाते में ट्रांसफर करती है. इससे बिजली की लागत घटती है, मुफ्त बिजली उपलब्ध होती है और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलता है.
सवाल : सब्सिडी कितनी मिलेगी?
विद्युत कार्यपालक अभियंता का जवाब- यदि उपभोक्ता 0 से 150 यूनिट बिजली उपयोग करता है और 1 किलोवाट का सोलर पैनल लगाता है तो उसे ₹30,000 की सब्सिडी मिलेगी. 2 किलोवाट पर ₹60,000 और 3 किलोवाट पर ₹78,000 सब्सिडी दी जाएगी. 1 किलोवाट का संयंत्र प्रतिदिन 4 से 5 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है.
सवाल : वर्तमान में योजना की स्थिति क्या है?
विद्युत कार्यपालक अभियंता का जवाब- खगड़िया के विद्युत कार्यपालक अभियंता कुंदन कुमार ने बताया कि अब तक 1252 आवेदन मिले हैं. इनमें से 45 घरों पर सोलर पैनल लग चुके हैं और 32 लोगों को उनकी सब्सिडी उनके खाते में मिल गई है.
बिजली उत्पादन में हर घर होगा आत्मनिर्भर : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दिलाने और सरकार की लागत घटाने के साथ नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही है. आने वाले समय में यह योजना हर घर को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव लाएगी.
ये भी पढ़ें-

