जीतने के बाद गिरिडीह पहुंची कल्पना सख्त तेवर में दिखीं, लोगों की समस्याओं को समझा, अधिकारियों को दिए निर्देश - Kalpana Soren in Giridih
Kalpana Soren reached Giridih after winning Election. गांडेय विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद अपने क्षेत्र में पहुंची कल्पना सोरेन ने एक तरफ जहां लोगों की समस्याएं सुनीं, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठकर विकास योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं का जल्द निदान किया जाए.


Published : June 22, 2024 at 6:19 PM IST
गिरिडीह: गांडेय विधानसभा क्षेत्र की नवनिर्वाचित विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन विधायक बनने के बाद शनिवार को पहली बार गिरिडीह पहुंची. गिरिडीह आने के बाद उन्होंने नया परिषदन भवन में जिला के अधिकारियों संग बैठक की. बैठक राज्यसभा सांसद डॉक्टर सरफराज अहमद, विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, डीडीसी दीपक दुबे अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुआ समेत कई अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में कल्पना सोरेन ने गांडेय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चल रहे विकास योजनाओं की पूरी जानकारी अधिकारियों से मांगी और उनकी समीक्षा की गई. मौके पर उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं के संचालन एवं आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर आवश्यक निर्देश दिया. इस दौरान पेयजल समस्या और जल नल योजना से संबंधित शिकायत पर कल्पना सोरेन ने नाराजगी जताई. मौके पर उन्होंने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में जनता की समस्या का समाधान होना चाहिए. उन्होंने कहा जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक के बाद विधायक कल्पना सोरेन क्षेत्र के भ्रमण के लिए निकली. उन्होंने विस क्षेत्र के अलग अलग इलाकों का दौरा किया और लोगों से रूबरू हुई. इस दौरान जगह जगह उनका स्वागत जनता द्वारा खूब गर्मजोशी के साथ किया गया. क्षेत्र भ्रमण के दौरान कल्पना सोरेन ने आमजनों की बातों को सुना और मौके पर लोगों ने अपनी समस्याओं और क्षेत्र के विकास से संबंधित बातों को उनके सामने रखा. कल्पना सोरेन ने भी जनता को क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान को लेकर पूरा आश्वस्त किया.
इधर, गिरिडीह पहुंचने पर जिला मुखिया संघ ने भी होटल उत्सव उपवन पहुंच कर कल्पना सोरेन का स्वागत किया. मुखिया संघ द्वारा उन्हें बधाइयां दी गई. मौके पर मुखिया संघ के सदस्यों ने भी अपनी बातों को उनके सामने रखा. जिस पर कल्पना सोरेन ने गंभीरता पूर्वक विचार करने की बात कही.

