JPSC सिविल सेवा परीक्षा 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी, 342 अभ्यर्थी चयनित, आशीष अक्षत टॉपर
झारखंड लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. 342 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है.


Published : July 25, 2025 at 8:23 AM IST
|Updated : July 25, 2025 at 10:45 AM IST
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने बहुप्रतीक्षित सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. कुल 342 अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रशासनिक पदों के लिए चयनित किया गया है. टॉपर की सूची में आशीष अक्षत ने पहला स्थान प्राप्त किया है. आयोग की वेबसाइट jpsc.gov.in पर परिणाम उपलब्ध है. यह सिर्फ एक परीक्षा का परिणाम नहीं, बल्कि देरी, आंदोलन और संघर्ष के बाद मिली सफलता है, जिससे हजारों प्रतियोगियों को राहत और संतोष मिला है. आयोग ने चयन प्रक्रिया को योग्यता और आरक्षण नियमों के अनुसार बताया है.
सफल उम्मीदवारों के चेहरे भले ही आज खिले हों, लेकिन इस परीक्षा के विभिन्न चरणों में अभ्यर्थियों को बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ा. मुख्य परीक्षा से लेकर इंटरव्यू और फिर फाइनल रिजल्ट तक प्रक्रिया में लगातार देरी और अस्पष्टता को लेकर आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे.
आंदोलन बना दबाव का कारण
जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 की मुख्य परीक्षा के दौरान ही संगठित विरोध शुरू हो गया था. अभ्यर्थियों ने मूल्यांकन में पारदर्शिता, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया, उत्तर कुंजी की शुद्धता और परिणामों की समयसीमा को लेकर साफ़ नाराज़गी जताई थी. इसको लेकर रांची, हजारीबाग, धनबाद, गढ़वा समेत कई जिलों में आंदोलन, घेराव, ज्ञापन और सोशल मीडिया अभियान चलाए गए. एक समय ऐसा भी आया जब जेपीएससी मुख्यालय के बाहर छात्र टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए. लगातार दबाव और जनप्रतिनिधियों की ओर से हस्तक्षेप के बाद ही आयोग ने धीरे-धीरे प्रक्रिया को आगे बढ़ाया.
अब जब आया रिजल्ट तो जश्न भी, सुकून भी
अब जबकि 342 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफल घोषित कर दिया गया है, तो इन युवाओं के लिए यह सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि उनके संघर्ष की जीत भी है. खास बात यह रही कि परिणाम मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार दोनों में मिले अंकों के आधार पर तैयार किया गया.
टॉपर्स की सूची में झारखंड के होनहार
आशीष अक्षत ने इस बार टॉप कर राज्य भर में पहला स्थान हासिल किया है. अभय कुमार दूसरे स्थान पर और रवि रंजन कुमार तीसरे स्थान पर रहे. गौतम गौरव, श्वेता, राहुल कुमार विश्वकर्मा, रोबिन कुमार, संदीप प्रकाश, स्वाति केशरी और राजीव रंजन जैसे नाम भी टॉप-10 में शामिल हैं, जिन्होंने राज्य की युवा शक्ति को गौरवान्वित किया है.
342 पदों पर होगी नियुक्ति
इस परीक्षा के तहत राज्य के विभिन्न प्रशासनिक, पुलिस, वित्त, श्रम, उत्पाद, योजना और सामाजिक सुरक्षा सेवा जैसे विभागों में कुल 342 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. आयोग के अनुसार, चयन पूरी तरह से योग्यता, अंक व आरक्षण नियमों के अनुरूप किया गया है.
संघर्षशील चयन प्रक्रिया
जेपीएससी की यह परीक्षा उन प्रतियोगियों के लिए भी उदाहरण बनी है, जिन्होंने हार नहीं मानी. परीक्षा की प्रक्रिया लंबी रही—विज्ञापन, प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार और फिर अंतिम चयन सूची—इन सबके बीच समय-समय पर अनिश्चितता, असमंजस और असंतोष का माहौल बना, लेकिन अभ्यर्थियों ने संगठित रहकर अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाई और संविधानिक ढांचे के भीतर न्याय की मांग की.
864 उम्मीदवारों का हुआ था इंटरव्यू के लिए चयन
झारखंड सिविल सेवा परीक्षा 2023 के तहत 342 पदों पर भर्ती होनी थी, जिसके लिए 342 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से सफल घोषित किया गया है. आपको बता दें कि जेपीएससी मेन्स एग्जाम में सफल हुए 864 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था. यह भी बता दें कि जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के लिए 27 जनवरी 2024 को विज्ञापन जारी हुआ था. 17 मार्च को प्रारंभिक परीक्षा हुई थी. 22 अप्रैल को जारी परिणाम में 7011 अभ्यर्थी सफल हुए थे. अब अगला पड़ाव है ट्रेनिंग और सेवा में योगदान, जहां ये युवा अधिकारी झारखंड के प्रशासनिक तंत्र में नई ऊर्जा और दृष्टिकोण लेकर प्रवेश करेंगे.
यह भी पढ़ें:
जेपीएससी की उत्तर पुस्तिकाओं में हुई अनियमितता की कराएं जांच, राज्यपाल सचिवालय का आयोग को निर्देश
JPSC रिजल्ट पर छात्र संगठनों ने आरक्षण प्रक्रिया पर उठाए सवाल, हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी

